कैराना उपचुनाव के दौरान कई जगह झड़प, भीड़ ने पुलिस पार्टी पर भी किया पथराव
कैराना। उत्तर प्रदेश के कैराना लोकसभा सीट के लिए 28 मई को उपचुनाव सोमवार की सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। जगह-जगह से ईवीएम मशीन खराब होने की सूचनाएं मिलती रही। वहीं, कैराना के गांव भूरा में फर्जी मतदान की सूचना पर पहुंची पुलिस और सहायक पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट कर दी गई। लोगों द्वारा पुलिस जीप और पोलिंग पार्टी की बस में तोड़फोड़ करने की सूचनाएं भी मिली हैं।

कैरान लोकसभा सीट के गांव भूरा में बने बूथ नंबर 173 में फर्जी मतदान की बात सामने आई है। फर्जी मतदान रोकने के लिए गए सहायक पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट कर दी गई। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। बता दें कि भीड़ ने पुलिस पार्टी पर भी पथराव शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस की जीप और पोलिंग पार्टी की बस में भी तोड़फोड़ की है। पथराव और तोड़फोड़ की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने किसी तरह मामले को संभाल लिया। पुलिस को डर है कि कही कोई बड़ा बवाल न हो जाए। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांति से वोट डालने की अपील की है।
बता दें कि फर्जी वोट डालने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बवाल के चलते भूरा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। ताकि मतदाता शांति से मतदान कर सके। बता दें कि कैरान लोकसभा सीट पर भाजपा के सांसद हुकुम सिंह का कब्जा था। उनकी मौत के बाद खाली हुई इस सीट पर हो रहे उपचुनाव में जहां बीजेपी की तरफ से मृंगाका सिंह चुनाव मैदान में हैं, तो वहीं आरएलडी, सपा, बसपा और कांग्रेस की तरफ से तबस्सुम हसन अपनी किस्मत आजमा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications