जयंत चौधरी ने 'सबूत' के साथ बोला पीएम मोदी पर हमला, कहा- 4-5 क्षेत्र में ही पसीने आ गए
लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में दिनभर ईवीएम में गड़बड़ी और खराब VVPAT की शिकायतें मिलती रहीं, जिनसे मतदान पर भी असर पड़ा।
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में मतदान समाप्त हो गया है। यूपी की कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में दिनभर ईवीएम में गड़बड़ी और खराब VVPAT की शिकायतें मिलती रहीं, जिनसे मतदान पर भी असर पड़ा। खराब मशीनों को लेकर सपा और रालोद ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए चुनाव आयोग में लिखित शिकायत दी। इस दौरान रालोद नेता जयंत चौधरी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।

'और पीएम एक दिन में देश में चुनाव चाहते हैं'
खराब VVPAT के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए जयंत चौधरी ने पीठासीन अधिकारी के एक लैटर के साथ ट्वीट किया, 'इसको पढ़ लें। पीठासीन अधिकारी ने प्रमाणित किया है। पुरमाफ़ी गांव, कैराना लोक सभा। 45 मिनट के लिए दो बार VVPAT बंद किया, बदला गई मशीन फिर ख़राब! और PM एक दिन पूरे देश में चुनाव चाहते हैं, यहां 4-5 क्षेत्र में पसीने आ गए! जो भी हो वोट जनता ज़रूर डालेगी!'

ट्वीट किया पीठासीन अधिकारी का लैटर
आपको बता दें कि कैराना और नूरपुर में बड़ी संख्या में वीवीपीएटी मशीनों के खराब होने की शिकायतें मिलीं। कैराना में खराब ईवीएम को लेकर आरएलडी की प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भी चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी। तबस्सुम हसन ने कहा कि कैराना में हर जगह मशीनों से छेड़छाड़ की जा रही है। मुस्लिम और दलित बाहुल्य इलाकों में खराब मशीनों को बदला भी नहीं गया है। अगर भाजपा सोचती है कि ऐसा करके वो चुनाव जीत जाएगी तो ऐसा नहीं होगा।

270 बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा, 'भाजपा, गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में मिली हार का बदला लेना चाहती है इसीलिए कैराना और नूरपुर के उपचुनाव में सत्ता का गलत इस्तेमाल कर रही है। सीएम से लेकर पीएम तक और पूरा सरकारी तंत्र उपचुनाव में अपनी ताकत का इस्तेमाल कर रहा है, देर रात तक सिपाही और लेखपाल शराब बांटते हुए देखे गए हैं। नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में 305 मतदान केंद्रों में से 140 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। कैराना में 130 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने की साजिश रच रही है।'












Click it and Unblock the Notifications