यूपी की 'मोगली गर्ल' क्या जौनपुर की अलीजा है? रहस्य गहराया
दो लोगों ने मोगली गर्ल के चाचा और नाना होने का दावा किया और बताया कि वह जौनपुर की अलीजा है जो गुम हो गई थी। फिलहाल उनके दावों की जांच की जा रही है।
बहराइच। पिछले दो दिनों से मीडिया में सुर्खियों में रही कतर्निया जंगल में बंदरों से छुड़ाकर लाई गई कथित मोगली गर्ल का रहस्य तब और गहरा गया जब दो लोगों ने उसके परिजन होने का दावा किया।

शनिवार की शाम में सादे लिबास में बहराइच जिला चिकित्सालय में सीएमएस से मिलने पहुंचे दो लोगों ने इस लड़की के नाना व चाचा होने का दावा करते हुए इसकी गुमशुदगी की जानकारी दी।

इन्होंने बताया कि वो मोगली गर्ल के चाचा व नाना हैं व मुंगरा बादशाहपुर जिला जौनपुर (यू.पी) के रहने वाले हैं। इन्होंने अपनी लड़की की गुमशुदगी की सूचना जौनपुर में पुलिस को दी है। ये लड़की पिछले 13 माह से गायब है। इसको ढूंढने के लिए फोटो लगे गुमशुदगी के पम्फलेट व उसकी फोटो भी उन्होंने दिखाया है।

उन्होंने बताया कि इसका घर का नाम अलीजा है और यह बोल नहीं पाती है। इनके बताये अनुसार व दिखाये गए साक्ष्यों को देखते हुए डॉक्टरों ने इन्हें लखनऊ निर्वाण संस्थान भेज दिया है जहां वो इसे पहचान कर अपने साथ ले जा सके।

इसके बाद वो बहराइच रोडवेज से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इनके दावों में कितनी सच्चाई है और क्या मोगली गर्ल सच में जौनपुर की अलीजा है?












Click it and Unblock the Notifications