IRCTC: 26 सितंबर को यूपी के लोगों को मिलेगा इस खास टूर पैकेज का ऑफर, पूरी डिटेल देखिए
लखनऊ, 23 सितंबर: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी उत्तर प्रदेश के लोगों को लेह-लद्दाख की वादियों में सैर करने का अच्छा मौका दे रही है। करीब एक हफ्ते की यह यात्रा 26 सितंबर से शुरू हो रही है। इस पैकेज में इच्छुक पर्यटकों को एकमुश्त भुगतान करने पर होटलों में ठहरने से लेकर भोजन और स्थानीय स्तर पर घूमने का सारा इंतजाम आईआरसीटीसी की ओर से ही किया जा रहा है। ग्रुप में जाने पर पर्यटकों को रियायत भी दी जा रही है। पिछले कुछ समय में आईआरसीटीसी ने ऐसे कई टूर पैकेज का प्रबंध किया है और इसबार यह विशेष मौका सिर्फ यूपी के लोगों को दिया जा रहा है।

लखनऊ वालों की खास डिमांड पर लेह-लद्दाख टूर पैकेज
भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक विशेष टूर पैकेज का ऑफर दे रहा है। आईआरसीटीसी के मुताबिक यह टूर पैकेज लेह-लद्दाख के लिए लखनऊ के लोगों की खास मांग पर लॉन्च की जा रही है। 8 दिन और 7 रातों वाले इस टूर पैकेज में ट्रेन और हवाई यात्रा दोनों शामिल रहेंगी। आईआरसीटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 'स्पेशल लेह-लद्दाख पैकज मांग की वजह से लाई जा रही है। लेह-लद्दाख स्पेशल टूर पैकेज में ट्रेन और हवाई यात्राएं दोनों शामिल रहेगी।'

26 सितंबर को शुरू हो रहा यह टूर पैकेज
लखनऊ से 26 सितंबर को शुरू हो रहा यह टूर पैकेज 3 अक्टूबर को खत्म होगा। जो लोग इस पैकेज को बुक करेंगे वह लखनऊ से तेजस एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचेंगे और फिर दिल्ली से लेह तक की यात्रा फ्लाइट से करेंगे। सभी यात्रियों के लिए पूरी यात्रा के दौरान खाने और ठहरने का प्रबंध थ्री-स्टार होटलों में रहेगा, जहां उन्हें ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर दिया जाएगा। जब सैलानी लद्दाख में लेह पहुंच जाएंगे, तो उन्हें घाटी में सभी पॉपुलर होलीडे डेस्टिनेशन पर ले जाया जाएगा।

सभी लोकप्रिय दर्शनीय स्थलों तक ले जाया जाएगा
टूर पैकेज में लद्दाख के दर्शनीय स्थलों जैसे कि बौद्ध स्तूप, मठ दर्शन, लेह पैलेस, शांति स्तूप, गुरुद्वारा ले जाना भी शामिल है। सैलानियों को लेह-लद्दाख के दिस्कित, हुंदर और तुरतुक गांवों में भी ले जाया जाएगा। टूर पैकेज के तहत आईआरसीटीसी ने नुब्रा घाटी में एक एडवेंचर कैंप का भी इंतजाम किया है, जहां लोग रात भर ठहर सकेंगे। आईआरसीटीसी के मुताबिक पर्यटकों को स्थानीय लोकेशन पर नॉन-एसी वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे और प्रत्येक वाहन में एक ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध रहेगा। साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए कल्चरल गाइड भी मौजूद रहेंगे।

लेह-लद्दाख टूर पैकेज की कीमत क्या है ?
लेह-लद्दाक की यात्रा करने के इच्छु लोगों के लिए टूर पैकेज की कीमत भी तय कर दी गई है। दो लोगों के लिए 38,600 रुपय प्रति व्यक्ति के हिसाब से बुकिंग उपलब्ध है और तीन यात्रियों के लिए प्रत्येक के हिसाब से 37,700 रुपये भुगतान करना होगा। इस टूर पैकेज के लिए बुकिंग आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट आईआरसीटीसीटूरिज्म डॉट कॉम पर की जा सकती है।

'दक्षिण दर्शन' टूर पैकेज की भी हुई शुरुआत
बता दें कि आईआरसीटीसी कई और भी अंतरदेशीय और विदेशी टूर पैकेज काफी किफायती दर पर उपलब्ध करवाता है। इस महीने की शुरुआत में आईआरसीटीसी टूरिज्म ने 'दक्षिण दर्शन' के नाम से रेल टूर पैकेज शुरू किया था, जो दक्षिण भारत के स्थानों के लिए है। 'दक्षिण दर्शन' टूर पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 9,450 रुपये रखी गई है।












Click it and Unblock the Notifications