UP Police New DGP: IPS विजय कुमार बने यूपी के कार्यवाहक डीजीपी, आरके विश्वकर्मा की ली जगह
IPS Vijay Kumar को योगी सरकार ने नया कार्यवाहक डीजीपी बनाया है। वो अगले साल जनवरी में रिटायर होंगे।

उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी के नाम को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। योगी सरकार ने बुधवार को 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी विजय कुमार को राज्य पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद का अतिरिक्त प्रभार दिया। वो वर्तमान में डीजी अपराध शाखा और सतर्कता का प्रभार संभाल रहे थे।
आईपीएस विजय कुमार आरके विश्वकर्मा की जगह लेंगे, जो इस साल 31 मार्च से इस पद पर थे। वो आज (31 मई) रिटायर हो रहे, ऐसे में पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कुमार ने पदभार ग्रहण किया।
वहीं कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए डीजीपी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपराध के प्रति उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी। इसके अलावा वो दंगामुक्त यूपी की संकल्पना को मजबूत करेंगे। उन्होंने सभी जिलों में पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग को बढ़ाने और संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की बात कही। डीजीपी ने साफ कहा कि महिला पर अपराध करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूर्णकालिक डीजीपी का इंतजार
आईपीएस अधिकारी मुकुल गोयल यूपी के डीजीपी थे, लेकिन पिछले साल काम में रुचि नहीं लेने की वजह से राज्य सरकार ने उनको हटा दिया। इसके बाद डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान को कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया। उनके बाद आरके विश्वकर्मा आए, वो भी कार्यवाहक डीजीपी रहे।
अब विजय कुमार को भी कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है। ऐसे में देखा जाए तो यूपी का पुलिस महकमा पिछले एक साल से पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्त का इंतजार कर रहा। विपक्षी दल इसको लेकर सरकार पर निशाना भी साधते रहते हैं।
अगले साल ही रिटायरमेंट
विजय कुमार मूल रूप से झांसी के रहने वाले हैं। उन्होंने 1998 में आईपीएस ज्वाइन किया था। जिसके बाद कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली। वो अगले साल जनवरी में सेवाओं से सेवानिवृत्त होंगे। उनके बाद यूपी पुलिस सहकारी प्रकोष्ठ के महानिदेशक आनंद कुमार अगले वरिष्ठतम आईपीएस अधिकारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications