VIDEO: शिप्रा संग शादी पर तंज कसने वालों को Indresh Upadhyay ने कर दिया ठंडा, एक ही लाइन में किया बेबस
Katha Vachak Indresh Upadhyay: प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा शर्मा की शाही शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। जयपुर के आलीशान होटल 'ताज आमेर' में हुई इस भव्य शादी की तस्वीरों और वीडियो ने जहां एक तरफ उनके चाहने वालों को खुश किया, वहीं दूसरी तरफ ट्रोल्स ने उन पर 'सादगी के उपदेश देकर खुद भौतिकवाद में डूबने' के आरोप लगाए। अब अपनी शादी के बाद पहली कथा में इंद्रेश उपाध्याय ने इन तमाम आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए मंच से ही करारा जवाब दिया है।
अपनी शादी के बाद पहली बार व्यासपीठ पर बैठे इंद्रेश उपाध्याय ने ट्रोल्स पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'संसार के लोग बहुत ही संसारी हैं, मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। हमारे ऊपर आरोप लग गया कि हम दुनिया को मोह-माया से दूर रहने को बोलते हैं और खुद ऐसा विवाह किया।'{

उन्होंने आगे कहा कि, 'किसी ने आज तक उनसे यह नहीं पूछा कि जब वे ठाकुर जी का उत्सव करते हैं या बड़ी-बड़ी कथाएं करते हैं, तो उसमें कितना खर्चा होता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, 'बरसाना में जब हमारे लाल जी का उत्सव होता है, तो वहां खर्चा करते-करते हमारी जेब फट जाती है, तब कोई सवाल नहीं करता।'
Indresh Upadhyay Wedding: बिना लहसुन-प्याज वाली शादी
इंद्रेश उपाध्याय ने अपनी शादी की सादगी और मर्यादा का बचाव करते हुए कहा कि लोग केवल बाहरी चमक-धमक देख रहे हैं, लेकिन संस्कार नहीं। उन्होंने कहा, 'सबने सब कुछ कहा, लेकिन किसी ने यह नहीं देखा कि उस विवाह में एक भी वस्तु ऐसी नहीं थी जिसमें प्याज या लहसुन का इस्तेमाल हुआ हो। वह पूरी तरह से शराब और मदिरा मुक्त विवाह था।'
उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा कि किसी आध्यात्मिक व्यक्ति के लिए अधिक बोलना या आलोचकों को जवाब देना शोभा नहीं देता क्योंकि उसका स्वभाव मौन रहना है, लेकिन कुछ लोगों ने 'मुंह दिखाई' में ऐसी बातें कहीं जो उन्हें जीवन भर याद रहेंगी।
Indresh Upadhyay Wedding: कैसी रही 'बांके बिहारी' के भक्त की शाही शादी?
इंद्रेश उपाध्याय की शादी किसी राजसी उत्सव से कम नहीं थी। वृंदावन में हल्दी और संगीत की रस्मों के बाद बारात जयपुर पहुंची। हाथी-घोड़ों के लवाजमे के साथ निकली इस बारात में इंद्रेश ऑफ-व्हाइट शेरवानी और पारंपरिक पगड़ी में नजर आए। उनके हाथ में चांदी का दंड था और बारात में शामिल मेहमानों के हाथों में बांके बिहारी के प्रतीक चिन्ह थे। इस शादी में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, देवकीनंदन ठाकुर, राजेंद्र दास जी महाराज (मलूक पीठाधीश्वर) और मशहूर गायक बी प्राक जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं।
Indresh Upadhyay Wedding: कौन हैं इंद्रेश और शिप्रा?
इंद्रेश उपाध्याय उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के जाने-माने कथावाचक हैं और कृष्ण चंद्र शास्त्री (ठाकुर जी) के पुत्र हैं। उन्होंने महज 13 साल की उम्र में श्रीमद्भागवत गीता का अध्ययन पूरा कर लिया था और आज इंस्टाग्राम पर उनके 2.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं उनकी पत्नी शिप्रा शर्मा हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली हैं। उनके पिता पंडित हरेंद्र शर्मा उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी रह चुके हैं। इंद्रेश और शिप्रा का परिवार लंबे समय से एक-दूसरे को जानता है और दोनों परिवारों की सहमति से ही यह विवाह संपन्न हुआ है।
शादी के विवादों पर क्या बोले इंद्रेश उपाध्याय? यहां देखें पूरा वीडियो












Click it and Unblock the Notifications