सपा नेता की बंद पड़ी फैक्ट्री में पकड़ी गई लाखों की अवैध शराब
हरदोई। यूपी पुलिस विभाग की तरफ से चलाये जा अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के दौरान हरदोई पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सपा नेता की बन्द पड़ी फैक्ट्री में छापा मारकर लाखों की अवैध शराब बरामद की है। जिस दौरान करीब 7 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए है और फरार चल रहे करीब आधा दर्जन आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।

पुलिस ने मारा फैक्ट्री पर छापा
मामला हरदोई जनपद के कोतवाली देहात के अंतर्गत बंद पड़ी सपा नेता सुभाष पाल की फैक्ट्री में पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह राठौर ट्रेनिंग सीओ राम प्रकाश, यादवेंद्र यादव के नेतृत्व में कोतवाली में तैनात एसएसआई ब्रजेश कुमार सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी अरुणेश गुप्ता ने छापेमारी की जिस दौरान टीम ने करीब 70 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त किए। सात आरोपियों को पुलिस टीम ने मौके से धर दबोचा है और करीब 6 आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए है।

पुलिस ने सामान किए जब्त
इनके पास से खाली बोतलें, विभिन्न कंपनियों के 70 हजार ढक्कन, इथाइल अल्कोहल के करीब दो सौ लीटर, दो लाख विभिन्न कम्पनियों के स्टीकर, शराब को रंग देने वाला कलर,पंचिंग मशीन, शराब की पेटी, पानी के केन, 500 लीटर की दो पानी की टंकियां, 500 लीटर बनी हुई अवैध शराब, बाइक, ढक्कन सील करने वाली मशीन तथा एक गैस सिलेंडर आदि समान बरामद हुआ है।

एसपी ने पुलिस टीम को दिए इनाम
ये सभी आरोपी शराब को बनाने के बाद इसकी सप्लाई सरकारी देशी शराब के ठेकों पर देते थे। दौरान पुलिस विभाग की टीम ने पूछताछ के बाद कई ठेकों पर भी छापेमारी की है। मौके का फायदा उठाकर फरार हुए। सुभाष पाल समेत अन्य आरोपियों की तलाश में टीम छापेमारी कर रही है। इस खुलासे के बाद आईजी जोन लखनऊ ने टीम और पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने 25-25 हजार का नगद इनाम देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications