'UP Board Exam पास करा दूंगा...', साइबर ठगों की काली करतूत, 10वीं और 12वीं के छात्रों को बना रहे निशाना
UP Board Exam Result 2024: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा बोर्ड रिजल्ट की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। यूपी बोर्ड का रिजल्ट कब तक जारी होगा इसे लेकर कोई सूचना नहीं जारी की गई है।
हालांकि यूपी बोर्ड रिजल्ट तैयारियों के बीच साइबर ठगों द्वारा परीक्षार्थियों के साथ ठगी के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। कहीं ऐसे मामले आए हैं जिनमें छात्रों को पास करने या उनका नंबर बढ़ाने के लिए रुपए की डिमांड की गई है।

फिलहाल इस मामले की जानकारी होने के बाद यूपी बोर्ड के अधिकारियों द्वारा ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। बोर्ड के सचिव दिव्याकांत शुक्ल द्वारा कहा गया कि इस तरह के फोन कॉल का संज्ञान ना लें।
यहां से उठते हैं विद्यार्थियों का डेटा
बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि यूपी बोर्ड के तहत कई ऐसे कॉलेज हैं जो अभी भी विद्यार्थियों का फार्म भरवाने के लिए साइबर कैफे का सहारा लेते हैं। ऐसे फॉर्म भरते समय ही वहां से साइबर ठग विद्यार्थियों का डाटा जुटा लेते हैं।
परीक्षार्थियों का डाटा एकत्र करने के बाद ठग उन परीक्षार्थियों द्वारा दिए गए नंबर पर फोन करके यह कहते हैं कि आपका बच्चा फेल हो गया है, या फिर यदि आप अपने बच्चे का नंबर बनवाना चाहते हैं तो वह भी कराया जा सकता है।
इसके एवज में साइबर ठगों द्वारा मोटी रकम की डिमांड की जाती है। बीते वर्षों में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। फोन करने वाले साइबर ठग खुद को यूपी बोर्ड का कर्मचारी बताते हैं।
पिछले साल भी ऐसे मामले सामने आने के बाद पूर्वांचल समेत उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में डीआईओएस द्वारा मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। ऐसे में यूपी बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि यदि आपके पास भी इस तरह के फोन कॉल्स आते हैं तो आप उसे संज्ञान में ना लें।












Click it and Unblock the Notifications