VIDEO:कबाड़ी को किलो के भाव बेचे आधार, SDM का कार्ड भी शामिल
सुलतानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल आधार कार्ड को लेकर उत्तर प्रदेश के पोस्ट आफिस द्बारा बरती गई बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुल्तानपुर के एक गांव में पोस्टमैन ने ग्रामीणों में आधार कार्ड बांटने की बजाय कबाड़ी की दुकान पर बेच दिया। आज जब कई दर्जन धार कार्ड कबाड़ी के दुकान पर पाए गए तो इलाके में हड़कंप मच गया। हैरत की बात ये रही कि कबाड़ मे तत्कालीन एसडीएम कादीपुर राम अभिलाष का भी आधार कार्ड मिला।
कादीपुर कोतवाली के रानीपुर कायस्थ गांव का मामला
जानकारी के मुताबिक कादीपुर कोतवाली के शाहगंज मार्ग पर स्थित रानीपुर कायस्थ गांव में इस्माइल की कबाड़ की दुकान है, जहां सड़क किनारे से कबाड़ बीनकर व घरों से कबाड़ और रद्दी कागज खरीद कर कबाड़ी यहां लाकर बेचते हैं। बुधवार को एक कबाड़ी कबाड़ बेंच कर गया, जिसकी छंटनी के दौरान उन्हे सैकडों आधार कार्ड मिले, जिसमे स्वयं उनकी नतिनी अल्फिया परवीन पुत्री मोहम्मद इरशाद का भी कार्ड मिला। ज्यादातर उन्हीं के गांव रानीपुर कायस्थ गांव के ही कार्ड मिले।

कबाड़ी इस्माइल ने दी सूचना
वहीं कबाड़ की दुकान चलाने वाले इस्माइल ने बताया कि जब उसने एक साथ इतने सारे आधार कार्ड देखे तो वह हैरान हो गया। उसने इस बात की जानकारी गांव के लोगों को दी। उधर लापरवाही को लेकर जब डाक उप-अधीक्षक एके पांडेय से बात की तो वह हैरान रह गए। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताया।

लापरवाही करने वाले पोस्टमैन पर होगी कार्रवाई
डाक उपाधीक्षक एके पांडेय ने बताया कि आधार कार्ड बांटने की जिम्मेदारी पोस्टमैन की होती है। अब इतनी तादाद में कार्ड कबाड़ी तक कैसे पहुंचे यह जांच का मामला है। फिलहाल उच्चाधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications