कितनी संपत्ति के मालिक हैं एसपी सिंह बघेल? मुलायम की सुरक्षा में तैनात रहे और अब अखिलेश को देंगे टक्कर
लखनऊ, 31 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शह और मात का खेल लगातार जारी है। सोमवार को बीजेपी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ एक केंद्रीय मंत्री को टिकट देकर चुनावी गर्मी बढ़ा दी है। एसपी सिंह बघेल अभी मोदी सरकार में मंत्री हैं, लेकिन उन्होंने करहल विधानसभा सीट से सपा अध्यक्ष के खिलाफ पर्चा भर दिया है। करहल मैनपुरी जिले में है और वह इलाका और समाजवादी पार्टी बघेल के लिए नए नहीं हैं। उन्होंने राजनीति का सफर सपा से ही शुरू किया है और पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं और यह भी कि बीजेपी ने यह दांव क्यों चला है।
Recommended Video

बीजेपी ने बघेल को अखिलेश के खिलाफ उतारकर चौंकाया
भारतीय जनता पार्टी ने यूपी के मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को टिकट दिया है। उनकी उम्मीदवारी सोमवार को ही घोषित हुई और उन्होंने इसी दिन अचानक पर्चा दाखिल करके सबको चौंका दिया है। बघेल अभी आगरा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं और पीएम मोदी के मंत्रिपरिषद में शामिल होने से पहले उत्तर प्रदेश में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। जाहिर है कि बीजेपी ने उन्हें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ करहल में उतारकर वहां की चुनाव की फिजा बदलने की कोशिश की है।

कौन हैं एसपी सिंह बघेल?
एसपी सिंह बघेल अनुसूचित जाति से आते हैं और वह 1998, 1999 और 2004 में सपा के सांसद भी रह चुके हैं। सपा से निकाले जाने के बाद उन्होंने बसपा का रुख किया था, लेकिन 2009 और 2014 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह 2010 में बसपा से राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। बीजेपी में उनकी एंट्री राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर 2015 में हुई और 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टुंडला से भाजपा विधायक बनने का मौका मिला। वह यूपी में योगी सरकार में भी मंत्री रहे, लेकिन 2019 में बीजेपी के टिकट पर आगरा से बड़ी जीत दर्ज की और इस समय मोदी सरकार में मंत्री हैं।

मुलायम की सुरक्षा अधिकारी रह चुके हैं बघेल
सत्यपाल सिंह बघेल सपा संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वैसे उन्होंने काफी उच्च शिक्षा हासिल कर रखी है। वह मिलिट्री साइंस में मास्टर्स, एलएलबी, पीएचडी और इतिहास में एमए हैं। आगरा कॉलेज में वह डिफेंस स्टडीज में एसोसिएट प्रोफेसर भी हैं। वह मूल रूप से यूपी के औरैया जिले में उमरी के भटपुरा गांव के रहने वाले हैं। लेकिन, फिलहाल उनका स्थायी पता आगरा का है।

भाजपा ने बघेल को करहल से क्यों दिया टिकट ?
करहल सीट को अखिलेश यादव के लिए काफी सुरक्षित सीट माना जा रहा है। एक आंकड़े के मुताबिक यहां करीब 38 फीसदी यादव मतदाता हैं। 2002 को छोड़कर इस सीट पर तीन दशकों से लगातार समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा है। 2002 में बीजेपी जीती जरूर थी, लेकिन उसके विधायक सोबरन सिंह यादव बाद में सपा में शामिल हो गए थे। बघले के ताल ठोकने के बाद इस सीट पर अखिलेश यादव के मुकाबले में यहां पर कांग्रेस की ज्ञानवती यादव और बसपा के कुलदीप नारायण भी उम्मीदवार हैं। सपा अध्यक्ष ने पर्चा भरने के बाद दावा किया था कि करहल से बीजेपी किसी को भी उतार ले, उसे हार का ही मुंह देखना होगा। उन्होंने यहां यह भी कहा है कि यहां से चुनाव लड़ने का मतलब है कि वह निश्चिंत होकर पूरे प्रदेश में प्रचार कर सकते हैं। लेकिन, माना जा रहा है कि बघेल को उतारकर बीजेपी ने अब अखिलेश की मजबूत घेराबंदी कर दी है।

कितनी संपत्ति के मालिक हैं एसपी सिंह बघेल?
केंद्रीय मंत्री के तौर पर 2 सितंबर, 2021 को सत्यपाल सिंह बघेल ने अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनके और उनकी पत्नी मधु सिंह बघेल के पास पैतृक जमीन के अलावा, कृषि भूमि, आवासीय प्लॉट, घर, दुकानें और बैंक बैलेंस के साथ-साथ जेवरात भी हैं। बघेल ने अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया है, उसमें मौजूदा बाजार भाव के अनुसार करीब 40 लाख रुपये की कृषि भूमि, करीब 50,00,000 रुपये मूल्य का आवास और 40,00,000 और 95,00,000 मूल्य के दो प्लॉट हैं। वहीं चल संपत्ति के नाम पर उस समय उनके पास 12,87,155 रुपये बैंक बैलेंस था। उन्होंने अपने पास पांच तोला सोना होने की भी जानकारी दी थी, जिसकी कीमत 2,30,000 रुपये बताई गई थी। वह सालाना 46,388 रुपये का एलआईसी प्रीमियम भी जमा करते हैं। बघेल ने अपने पास जो हथियार होने का ब्योरा दिया है, उसमें 315 बोर की राइफल- करीब 50,000 रुपये और 32 बोर का रिवॉल्वर- करीब 1,00,000 रुपये का भी जिक्र है।

बघेल की पत्नी की संपत्ति का ब्योरा
बघेल के ब्योरे के मुताबिक उनकी पत्नी मधु बघेल के नाम 70,00,000 रुपये और 28,00,000 रुपये मूल्य(बाजार भाव) के बराबर के दो घर हैं। इसके अलावा आगरा में 42,00,000 रुपये की एक शॉप और नोएडा में 1,16,00,000 रुपये (बाजार भाव) की शॉप है। जबकि 1,15,00,000 रुपये और 29,00,000 रुपये मूल्य(बाजार भाव) की कृषि भूमि भी है। मधु सिंह के नाम दो आवासीय प्लॉट भी हैं। एक प्लॉट की कीमत 40,00,000 रुपये (बाजार भाव) और दूसरा प्लॉट जो 2010 में 3,68,275 रुपये में खरीदी थी, उसका कब्जा नहीं लेने की वजह से मौजूदा मूल्य नहीं पता है। चल संपत्ति के रूप में उनके पास बैंक में 42,575 रुपये जमा थे और 15 तोला सोना भी था, जिसकी कीमत 7,20,000 रुपये बताई गई थी। करीब 1 किलो चांदी भी है, जिसकी कीमत 62,000 रुपये बताई गई है। (पांचवीं तस्वीर- बघेल के ट्विटर से)












Click it and Unblock the Notifications