बहराइच में तीन डिग्री लुढ़का पारा, भगवान ने भी ओढ़ लिए कम्बल!
बहराइच। तराई क्षेत्र में सर्दी के कहर ने इस बार लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इंसान तो छोड़िए इस ठंड से हताश होकर भगवान ने भी कम्बल ओढ़ लिया है। रात को पारा फिर तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पछुवा हवाएं चलने से लोग सिहरने को मजबूर हैं। सुबह घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। घर से निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से तराई में मौसम के मिजाज में सुधार नहीं हो पा रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। ठिठुरन और गलन के चलते लोग घरो में कैद हैं। जरूरी कार्यों से जो लोग घर से बाहर निकल रहे हैं, वह भी गर्म कपड़ो में लिपटे दिखते हैं। बढ़ती ठंड को देखते हुए बहराइच के मोहल्ला ब्राह्मणीपुरा में स्थित मंदिर में श्रद्धलुओं ने भगवान को भी कम्बल ओढा दिए हैं। फसल अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि रात १२ बजे के आसपास तापमान ३ डिग्री पर स्थिर रहा। अधिकतम तापमान भी १३ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। चल रही पछुवा हवाओं से लोग कांपने को मजबूर हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते सबसे अधिक दिक्कत जिले के मजदूरी पेशा वर्ग के लोगों को हो रही है। घरों से निकलने के बाद भी लोग अलाव की तलाश में भटकते हैं। घने कोहरे के चलते सुबह दृश्यता महज छह मीटर रही। इस कारण परिवहन और रेल सेवाएं भी प्रभावित रहीं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। इसके बाद दिन में तेज धूप निकल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications