VIDEO: 'पैर पकड़ता हूं नौकरी चली जाएगी', ड्यूटी छोड़ ट्रेन में लड़की से छेड़छाड़ करते पकड़ा गया GRP सिपाही
GRP Constable Suspended for Molesting Girl: दिल्ली से प्रयागराज लौट रही एक छात्रा ने ट्रेन में हैवानियत का सामना किया। आरोप है कि एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात GRP का सिपाही आशीष गुप्ता आधी रात को सीट पर सो रही छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा की नींद खुली तो उसने विरोध किया।
रंगे हाथ पकड़े जाने पर आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा और कहने लगा कि 'माफ कर दो, नौकरी चली जाएगी।' पूरी घटना का वीडियो छात्रा ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

क्या था पूरा मामला
दरअसल, 14 अगस्त की रात छात्रा प्रयागराज एक्सप्रेस से दिल्ली से लौट रही थी। तभी वर्दी पहने एक दीवान ने उसे गलत तरीके से छुआ और अभद्रता की। नींद खुलने पर छात्रा ने विरोध किया तो वह भागने लगा। तभी छात्रा ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
बगल में बैठी महिला यात्री ने जब मामला पूछा तो आरोपी उनसे भी माफी मांगने लगा। ट्रेन उस वक्त कानपुर पहुंचने वाली थी। इसके बाद छात्रा ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी की पहचान और कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी का नाम आशीष गुप्ता है और वह प्रयागराज जीआरपी थाने में तैनात है। शिकायत सही पाए जाने पर उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच सीओ जीआरपी प्रयागराज को सौंपी गई है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
करीब 51 सेकंड के वायरल वीडियो की शुरुआत में ही आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आता है। छात्रा उससे पूछती है कि उसने ऐसा क्यों किया, जबकि बगल में बैठी महिला उसे डांटते हुए कहती है कि ट्रेन में उसकी ड्यूटी यात्रियों की सुरक्षा के लिए है, न कि ऐसी हरकतों के लिए। इस दौरान आरोपी बार-बार कहता है- 'माफ कर दीजिए, नौकरी चली जाएगी।' पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है और एफआईआर दर्ज कराने से इन्कार कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications