गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, अबतक 19 लोगों की हो चुकी मौत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोगों पर छत गिर गया जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कई लोग घायल हैं। घायलों का इलाज गाजियाबाद जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं इस हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिर जाने के कारण कई लोगों की मृत्यु के समाचार से मुझे अत्यंत दुख पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही कामना करता हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।
Recommended Video
इसके अलावा सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। गाजियाबाद में मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि 'हादसे की जांच की जाएगी। कमिश्नर मेरठ और आईजी मेरठ इस मामले की जांच करेंगे। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई।'
आपको बता दें कि यह हादसा उस समय हुआ जब एक अंतिम संस्कार में भाग लेने आए 25 लोगों ने बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन छत का सहारा लिया। इन लोगों में से ज्यादातर लोग मृतक के रिश्तेदार थे। बारिश की वजह से अचानक यह छत गिर गई।












Click it and Unblock the Notifications