भाई के लिए SI से लड़ गईं मां-बेटी, महिला पुलिस की फाड़ दी वर्दी
गंगानगर। अपने भाई को जेल भेजने का विरोध कर रही एक युवती ने मां के साथ थाने पर जमकर बवाल काटा। मां-बेटी ने दो महिला कांस्टेबलों के साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ डाली। आरोपी को हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया गया। रिकॉर्ड रूम में सरकारी रजिस्टार खुर्द-बुर्द कर दिए। पुलिस से मारपीट पर महकमे में हड़कंप मच गया। महिला थाने की फोर्स बुलाकर दोनों को बामुश्किल काबू में किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

आरोपी की मां-बहन ने थाने में की मारपीट
अम्हेडा आदिपुर गांव में सोमवार देर रात पुलिस ने मारपीट की सूचना पर दो युवकों मिन्टू व नीटू पुत्र चन्द्रपाल को हिरासत में लिया था जबकि तीसरा युवक कपिल मौके से फरार हो गया था। मंगलवार दोपहर पुलिस मिन्टू व नीटू पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट भेज रही थी। इसी दौरान नीटू की बहन सोनिया व उसकी मां दयावती थाने पर पहुंची और छोड़ने का दबाव बनाते हुए एसआई मनु सक्सेना से झड़प करने लगीं। पुलिस ने कार्रवाई की बात कहते हुए छोड़ने से इंकार कर दिया। इस बात पर सोनिया व उसकी मां दयावती ने थाने पर शोर मचाते हुए जोरदार हंगामा खड़ा कर दिया।
भाई को छुड़ाने के लिए पुलिसवालों की वर्दी तक फाड़ दी
उन्होंने टेंपो में पुलिस को ले जाते हुए आरोपित युवकों मिन्टू व नीटू को छुड़ाने का प्रयास किया। विफल होने पर टेंपो की चाबी निकाल ली। महिला कांस्टेबलों रीना व शिल्पी ने दोनों को समझाने का प्रयास किया तो मारपीट करते हुए दोनों की वर्दी फाड़ दी। रिकार्ड रूम में सोनिया ने उत्पात मचाते हुए सरकारी रजिस्टर भी फाड़ दिए। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ सदर देहात विजय प्रकाश व महिला थाना इंस्पेक्टर नेहा चौहान के साथ फोर्स थाने पहुंचे और मां-बेटी को बामुश्किल काबू में किया। एसओ दिनेश चंद्र का कहना है कि दोनों का मेडिकल कराने के साथ कार्रवाई की जा रही है।
सीओ को वर्दी उतरवाने की धमकी
सूचना पर जब सीओ सदर देहात विजय प्रकाश थाने पर पहुंचे तो दोनों ने काफी देर तक झड़प की। बदसलूकी करते हुए सीओ को दोनों ने वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे डाली। बाद में अपशब्द भी इस्तेमाल किए। एसओ ने बताया कि एसआई मनु सक्सेना की ओर से सोनिया व उसकी मां दयावती के विरूद्ध मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालना, वर्दी उतरवाने की धमकी, अभियुक्त को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास व लोककार्य में विध्न डालना आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications