यूपी: योगी सरकार ने कुंभ को लेकर की नई पहल, कोई अछूता ना रहे इसलिए शुरू की फ्री बस सेवा
इलाहाबाद। जरा सोचिए कि आपको किसी तीर्थ स्थल जाना हो और सरकार आप के आवागमन की मुफ्त व्यवस्था करा दे तो आपको कैसा लगेगा ? जी हां आप ऐसा सोच कर ही कितने उत्साहित हो गए हैं। लेकिन सिर्फ आपको इसकी कल्पना ही नहीं करनी है, बल्कि हकीकत में आप को मुफ्त परिवहन सेवा का लाभ मिलने वाला है। वह भी सीधे तीर्थराज प्रयाग के लिए। दरअसल 2019 में लग रहे कुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश के हर बड़े स्थान से मुफ्त बस सेवा के संचालन होगा और कुंभ मेले से भी आपको इन्हीं स्थानों के लिए मुफ्त बस सुविधा मिल जाएगी। इसके लिए योगी सरकार ने बसों की खरीददारी भी शुरू कर दी है और कुल 500 बसों की खरीददारी की जानी है।

अभी तक 100 से अधिक बसें खरीदी जा चुकी हैं और अगले 2 महीने में कुल 500 बसों की खरीददारी की जाएगी। जानकारी देते हुए इलाहाबाद क्षेत्र के एआरएम आरपी सिंह ने बताया कि 2019 के कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम इलाहाबाद में 500 सिटी बसों का संचालन करने जा रहा है। यह बसें कुंभ स्पेशल के रूप में संचालित होंगी। इसकी खासियत यह होगी कि इस बस में सफर करने वाले श्रद्धालुओं का कोई किराया नहीं लगेगा यानी वह मुफ्त में सफर कर सकेंगे। यह बसें प्रदेश के सभी प्रमुख स्थानों से सीधे कुंभ के लिए मिल सकेंगी और कुंभ मेले से भी इनका संचालन अन्य स्थानों के लिए किया जाएगा।

ताकि कुंभ दर्शन से कोई न छूटे
योगी सरकार की कुंभ स्पेशल सिटी बसें किस रूट पर संचालित होंगी अभी इसकी घोषणा तो नहीं की गई है। लेकिन, प्रदेश के सभी 75 जिलों को इन मुफ्त बस सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इस सुविधा से लोगों को दिव्य कुंभ के दर्शन कराए जाएंगे। यह प्रयास किया जाएगा कि जो भी कुंभ का दर्शन करना चाहता है वह आर्थिक समस्या व परिवहन के भार से इससे अछूता ना रह जाए।

एआरएम आरपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने परिवहन निगम की समीक्षा बैठक के दौरान ही कुंभ स्पेशल बसों के संचालन की जानकारी साझा की और इस व्यवस्था को लागू करने के लिए हर डिपो स्तर के मुख्यालय से कार्ययोजना भी मांगी है। क्योंकि मुफ्त बस सेवा होने के कारण इन बसों में भारी भीड़ होगी ऐसे में सकुशल संचालन के लिए किस तरह से सुरक्षा व अन्य दृष्टि से व्यवस्था की जाए इस पर स्थानीय बस डिपो द्वारा अपनी रिपोर्ट दी जाएगी ।

कुंभ के लोगों से पहचानी जाएगी बस
प्रयागराज में लगने वाले कुंभ को अद्भुत और अद्वितीय बनाने की दिशा में ही मुफ्त बस सेवा का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस दौरान जो बसें कुंभ स्पेशल के नाम से चलेंगी उन पर कुंभ मेले का लोगो नजर आएगा। कुंभ लोगो से ही इन बसों की पहचान विशेष तौर पर की जा सकेगी। हालांकि इन का स्टॉपेज निश्चित किया जाना है ताकि जगह-जगह इन बसों को न रोका जा सके। क्योंकि यह बस लंबी दूरी की भी होगी। ऐसे में श्रद्धालुओं को समय पर पहुंचाना उनके लिये बड़ी चुनौती बन जाएगी। सबसे सुखद खबर तह है कि कुंभ स्पेशल सिटी बसे एकदम नयी नवेली होंगी। यानी इन की सीट से लेकर बस की कंडीशन पूरी तरह से चुस्त दुरुस्त होगी और श्रद्धालु सफर का बेहतर तरीके से आनंद उठा सकेंगे।
ये भी पढ़ें- यूपी: अजगर निकलने से मचा हड़कंप, इसकी लंबाई ने किया सबको हैरान, देखें वीडियो












Click it and Unblock the Notifications