बाप-बेटे ने कॉमेंटेटर Aakash Chopra को लगाया 33 लाख का चूना, Deepak Chahar भी पहुंच चुके हैं थाने
वर्ल्ड कप के दौरान क्रिकेट कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा के साथ 33 लाख रुपए की ठगी का मामला सुर्खियों में आ गया है। बताया जा रहा है कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व मैनेजर और उनके बेटे ने जूते के व्यवसाय में इन्वेस्ट करने के नाम पर आकाश चोपड़ा से 57.80 लाख रुपए लिए, जिसमें से 33 लाख रुपए बाप-बेटे हड़प कर गए।
सबसे पहले तो आपको बताते चलें कि ये बाप-बेटे वही कमलेश पारिख और ध्रुव पारिख हैं, जिनपर क्रिकेटर दीपक चाहर के पिता ने भी धोखाधड़ी और बहू को जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया था। इस बार मशहूर क्रिकेट कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने आगरा के हरीपर्वत थाने में इनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।

आकाश चोपड़ा द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आगरा में पारीख स्पोर्ट्स एंड शॉप के मालिक कमलेश पारीख का जूते का व्यवसाय है। कमलेश पारीख हैदराबाद क्रिकेट एसोसिशन के पदाधिकारी रह चुके हैं। इसके चलते उनकी कमलेश पारीख और उनके बेटे से जान पहचान है। आकाश ने बताया कि कमलेश पारीख के बेटे ध्रुव पारीख ने उनसे अपने स्पोर्ट शू बिजनेस में इन्वेस्ट करने के लिए 57.80 लाख रुपए लिए थे।
उन्होंने ध्रुव के साथ लिखित एग्रीमेंट भी किया था, जिसमें तय हुआ था कि 30 दिन के अंदर उनको 20% प्रॉफिट के साथ पूरी रकम वापस की जाएगी। जिसके एवज में ध्रुव ने उनको पोस्ट डेटेड चेक भी दिए थे। लेकिन तय समय पूरा होने के बाद भी आकाश चोपड़ा को रकम वापस नहीं मिली। फिर धीरे-धीरे करीब 12 महीने में केवल 24.5 लाख रुपए ही लौटाए।
जिसके बाद आकाश चोपड़ा ने ध्रुव के पिता कमलेश पारीख से इसकी शिकायत की। जिसपर उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने बेटे की तरफ से वो भरपाई करेंगे। लेकिन, फिर दोनों ने उनका फोन उठाना ही बंद कर दिया। आकाश चोपड़ा ने कमलेश पारीख को लीगल नोटिस भी भेजा। मगर, अब न तो उनका बेटा और न ही वो उनके फोन कॉल उठा रहे हैं, न ही मैसेज का जवाब दे रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने पुलिस को बताया कि ध्रुव पारीख ने उनको जो पोस्ट डेटेड चेक दिए थे, वो दोनों चेक भी बाउंस हो गए। उनका 33.80 लाख रुपए उनके पास फंस गया है। पुलिस ने आकाश चोपड़ा कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आकाश को सारे पैसे वापस दिलाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications