नोएडा के पावर हाउस में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में बुधवार को एक पावर सब स्टेशन में आग लग गई। आग काफी भयानक थी, जिसकी लपटें और धुंआ दूर से ही दिखाई दे रहा था। आनन-फानन में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। अभी तक घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि स्टेशन में रखे उपकरणों को नुकसान जरूर पहुंचा है। पावर स्टेशन के कर्मचारियों ने कुछ देर बाद कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी।

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह 8.30 बजे के आसपास सेक्टर 148 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड के 400 केवी विद्युत सब स्टेशन में आग लगी गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की वजह से ग्रेटर नोएडा, नोएडा के कई इलाकों में घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही, हालांकि बाद में उसे बहाल कर दिया गया। वहीं मेट्रो स्टेशन के लिए भी बिजली आपूर्ति इसी सब स्टेशन से होती है, लेकिन उसका ट्रांसफार्मर आग से प्रभावित नहीं हुआ।
थाना प्रभारी नॉलेज पार्क के मुताबिक एनपीसीएल के सब स्टेशन में रखे ट्रांसफार्मर में आग लगी थी। सब स्टेशन के सभी कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने का काम जारी है। उनके मुताबिक प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट को आग की वजह मानी जा रही है, फिलहाल सब स्टेशन के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications