गाजियाबाद: टेंट हाउस में लगी आग से 3 लोगों की मौत, जान बचाने के लिए कई लोग छत से कूदे
गाजियाबाद, 22 अगस्त: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सोमवार तड़के एक भयानक हादसा हुआ, जहां शिब्बनपुरा के कल्पना नगर में स्थित टेंट गोदाम में आग लग गई। इस घटना में पति-पत्नी और एक साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया और घटना की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सिहानी गेट थाना इलाके के शिब्बनपुरा स्थित कल्पना नगर में एक बिल्डिंग है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर टेंट हाउस था, जबकि पहली मंजिल पर पंकज नाम के शख्स अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहते थे। उनके अलावा उस फ्लोर पर तीन अन्य लोग और दूसरी मंजिल पर 7 लोग रहते थे। सोमवार तड़के बिल्डिंग से धुंआ निकलने लगा, जब तक कोई कुछ समझ पाता आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इसके बाद आनन-फानन में आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
चश्मदीदों के मुताबिक आग लगते ही पहली मंजिल के 3 लोग और दूसरी मंजिल के 7 लोग छत पर पहुंचे। बिल्डिंग के नीचे आग लगी थी, इस वजह से बाहर निकलने का रास्ता नहीं था। ऐसे में वो अपनी छत से बगल वाले घर की छत पर कूदे और किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं पंकज और उनके परिवार को पता नहीं चल रहा था। जब फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया तो उनकी तलाश शुरू की गई। बाद में उनका शव पहली मंजिल पर मिला। आशंका जताई जा रही कि धुंआ ज्यादा होने की वजह से वो लोग भाग नहीं पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस टीम ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी। घटना में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि कुछ लोगों को हल्की चोटें लगी हैं। इस अग्निकांड से हुए नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा।












Click it and Unblock the Notifications