लखीमपुर खीरी जाने का मामला, प्रियंका गांधी गिरफ्तार, 10 और पर भी एफआईआर
लखनऊ, 4 अक्टूबर: किसानों की मौत के बाद लखीमपुर जाने की कोशिश करने को लेकर 11 नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। लखीमपुर के नजदीकी जिले सीतापुर में ये एफआईआर हुई है। सीतापुर के हरगांव पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया है कि एफआईआर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का नाम एफआईआर में है। सभी के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज हुआ है।

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध कर रहे किसानों को कारों से रौंद दिया गया था। घटना को अंजाम देने का आरोप गृह राज्यमंत्री अजय टेनी के पुत्र पर है। 5 किसानों की मौत की खबर सुनकर रविवार रात को ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा लखीमपुर के लिए निकले थे। लखनऊ से लखीमपुर खीरी जाते हुए उनको सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया था। प्रियंका तबसे लगातार हिरासत में थीं। आज उन पर एफआईआर करते हुए उनको गिरफ्तार किया गया है।
Recommended Video
सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस में रविवार रात से रखी गईं प्रियंका को करीब 30 घंटे की हिरासत के बाद गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांतिभंग की आशंका जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आज ही उनको और दूसरे कांग्रेस नेताओं को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं सीतापुर पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर रविवार रात से ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी जमे हुए हैं और लगातार योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रियंका की रिहाई की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications