PM मोदी पर टिप्पणी मामले में फंसे UP कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, 5 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। महोबा जिले में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने अजय राय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक तरफ जहां भाजपा इस मुद्दे पर कांग्रेस को चौतरफा घेर रही है, वहीं अजय राय ने इस पूरे वीडियो को ही फर्जी और भाजपा की 'AI-साजिश' करार दिया है।
राहुल गांधी के 'गद्दार' वाले बयान के बाद, इस नई घटना ने यूपी की राजनीति में एक बड़ा भूचाल ला दिया है।आइए जानतें हैं अजय राज ने क्या कहा और पूरी घटना क्या है?

क्या है पूरा मामला?
भाजपा कार्यकर्ता नीरज रावत की शिकायत पर शनिवार को महोबा के कोतवाली नगर थाने में यह FIR दर्ज की गई है। शिकायत के मुताबिक:
- तारीख और जगह: 22 मई को महोबा के समद नगर इलाके में पूर्व कांग्रेस सचिव बृजराज अहिरवार द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
- सड़क जाम का आरोप: अजय राय 15-16 गाड़ियों के काफिले और भारी समर्थकों के साथ पहुंचे, जिससे आम सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी हुई।
- कानून व्यवस्था: वीआईपी मूवमेंट के कारण पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों को अपनी नियमित ड्यूटी छोड़कर कानून-व्यवस्था संभालने में जुटना पड़ा।
- आपत्तिजनक टिप्पणी: आरोप है कि इस कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कांग्रेस और अजय राय का पलटवार: 'यह AI का खेल है'
खुद पर लगे आरोपों और वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इसे भाजपा की चाल बताया है। उन्होंने 'पीटीआई' (PTI) से बातचीत में कहा:
'यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी और एडिटेड है। भाजपा ने मुझे बदनाम करने के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए यह फर्जी वीडियो तैयार करवाया है। मैं लखनऊ पहुंचते ही इस मामले में भाजपा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराऊंगा।'
भाजपा का तीखा हमला
इस कथित वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा खेमे में भारी नाराजगी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई दिग्गज नेताओं ने अजय राय के इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। शिकायतकर्ता नीरज रावत का कहना है कि इस टिप्पणी से देश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। सबूत के तौर पर पुलिस को एक पेन ड्राइव सौंपी गई है जिसमें वह वायरल वीडियो मौजूद है।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
महोबा पुलिस ने अजय राय, कार्यक्रम आयोजक बृजराज अहिरवार और 25-30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
- धारा 126(2):गलत तरीके से रास्ता रोकना (Wrongful Restraint)
- धारा 132:सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकना या हमला करना
- धारा 189(2):गैरकानूनी रूप से भीड़ इकट्ठा करना (Unlawful Assembly)
- धारा 196(1):विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना
- धारा 352:शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना
UP में पहले से ही सुलग रही है 'बयानबाजी' की आग
अजय राय पर हुई यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब यूपी में पहले से ही राहुल गांधी के एक बयान को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। हाल ही में रायबरेली की एक रैली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और RSS को लेकर 'गद्दार' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद लखनऊ में राहुल गांधी और भाजपा मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ क्रॉस-एफआईआर (आमने-सामने मुकदमे) दर्ज की जा चुकी हैं। अब अजय राय के इस नए विवाद ने आग में घी डालने का काम किया है।














Click it and Unblock the Notifications