यूपी: हिजाब पहनने को लेकर स्कूल प्रशासन ने शिक्षिका से मांगा इस्तीफा, महिला ने लगाया आरोप
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित सुपर मांटेसरी स्कूल में एक टीचर ने प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाया है। साथ ही उसने आरोप लगाया है कि उसे स्कूल से जबरदस्ती निकाला गया है। उसे जबरन उसके पद से हटाया गया है। टीचर ने आरोप लगाते हुए कहा कि मैनेजमेंट उसके हिजाब पहनने पर रोक टोक लगाता है। हिजाब पहनने की वजह से ही उससे इस्तीफा मांगा गया है। हालांकि स्कूल की तरफ से इन आरोपों को बेबुनियाद बताया गया है।

क्या है मामला
मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के तहसीनगंज का है। यहां के एसएमएस स्कूल में फातिमा हसन पिछले डेढ़ साल से पढ़ा रहीं थीं। वे शुरू से ही हिजाब पहनती थीं। उन्होंने बताया कि नवंबर की शुरुआत में उन्हें मैनेजमेंट की तरफ से हिजाब को लेकर टोका गया और कहा कि ये स्कूल है, कोई मदरसा नहीं। साथ ही स्कूल वालों ने कहा हिजाब पहनने से मैनेजमेंट को नुकसान हो रहा है, अभिवावक अपने बच्चों को स्कूल से निकाल रहे हैं क्योंकि उन्हें ऐसा लग रहा है कि यहां मदरसा खुला हुआ है।

जबरदस्ती पद छोड़ने के लिए कहा
मामले में फातिमा का कहना है कि, "जब मैंने इसका विरोध किया तो मुझसे इस्तीफा मांगा गया। मैंने रिजाइन कर दिया और पत्र में इस बात का जिक्र किया की मुझसे जबरदस्ती पद छोड़ने के लिए कहा जा रहा है।"

मैनेजमेंट ने हिजाब के आरोप को नकारा
स्कूल के प्रबंधक मुज्जफर काजिम ने लगे सारे आरोप को बेबुनियाद बताया और कहा कि जब हमने डेढ़ साल में हिजाब को लेकर उन्हें कुछ नहीं कहा तो अब क्यों? दरअसल, हाल ही में फातिमा ने एक बच्चे को बुरी तरह पीटा था क्योंकि उसने क्लास में जवाब नहीं दिया था। इस हरकत के बाद उनसे इस्तीफा मांगा गया और जिसके बाद उन्होंने तीन नवंबर को इस्तीफा भी दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications