राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को राजमहल में किया गया नजरबंद
इलाहाबाद। यूपी में प्रतापगढ़ के कुंडा इलाके में सोमवार को होने वाले भण्डारे को रोकने के लिये, कुंडा के विधायक बाहुबली राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को उनके राजमहल में नजरबंद कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने उन्हे नोटिस जारी कर किले से बाहर न निकलने को कहा है। किले के चारों तरफ पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन के सामने दिक्कत यह है कि राजा उदय प्रताप सिंह के समर्थन में विश्व हिन्दू परिषद ने भी शंखनाद कर दिया है । प्रांतीय संगठन मंत्री मुकेश ने कहा है कि कुछ भी हो भण्डारा होकर रहेगा। सुबह से ही भीड़ जुटने लगी है। विहिप व अन्य हिंदू संगठन भी लामबंद होकर हनुमान मंदिर पर भण्डारा संपन्न कराने के लिये पहुंचने लगे हैं। व्यापक पैमाने पर भण्डारा आयोजित किये जाने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है ।

क्या है पूरा मामला?
कुंडा के शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम की दसवीं पर एक लंगूर बंदर को मार डाला गया था । तब राजा उदय प्रताप सिंह ने उसी जगह हनुमान मंदिर बनवाया और मोहर्रम की दसवीं पर ही हनुमान चालीसा का पाठ और भंडारा आयोजित होने लगा। इसी भण्डारे को न होने देने के लिए जिला प्रशासन ने बैठक की और फिर आयोजकों को नोटिस जारी कर दी। लेकिन प्रशासन के सख्त होते ही लोगों ने भी भण्डारा किसी भी कीमत पर कराने के लिये कमर कस ली। इस पर राजा उदय प्रताप सिंह समेत पांच लोगों को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। इन्हे शनिवार रात 10 बजे से रविवार शाम 07 बजे तक नजरबंद किया गया है ।

ऐसी है सुरक्षा
आज डीएम प्रतापगढ़ शंभू कुमार व एसपी कुंडा में ही डटे हुये हैं। बिहार से भदरी जाने वाली सड़क को सील कर दिया गया है। इस पर भारी फोर्स तैनात है। इलाहाबाद-लखनऊ हाईवे होकर जो सड़क भदरी जा रही है उस पर भी बैरिकेटिंग है। यहां आवागमन की ठप कर दिया गया है जबकि भदरी किले के चारो तरफ पुलिस तैनात है। किले के आस-पास आने जाने वाले रास्ते व लोगों पर नजर रखी जा रही है। वहीं हनुमान मंदिर पर कयी थानों की फोर्स के साथ पी.ए.सी. की तैनाती की गई है। हालांकि भंडारे की तैयारी चरम पर है।

पिछले साल भी यही हुआ था
दरअसल इस भण्डारे को रोकने के लिये पिछले साल सपा सरकार में भी यही हुआ था लेकिन उस बार भण्डारा नहीं रोका जा सका था और राजा उदय प्रताप अपने घोड़े पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इस कार्यक्रम को रोकने की वजह यह है कि शेखपुर गांव में मोहर्रम पर निकलने वाले जुलूस के रास्ते में ही यह यह हुनमान मंदिर आता है। ऐसे में भण्डारे से जुलूस प्रभावित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications