सपना चौधरी की बाउंसर रहीं पूनम पंडित कांग्रेस में हुई शामिल, किसान आंदोलन से हुईं फेमस
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर: तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान कई चेहरे सामने आए हैं। जिनमें एक चेहरा पूनम पंडित का भी है। बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद ब्लॉक की निवासी पूनम पंडित अपनी तेज तर्रार बातचीत के चलते सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। किसान आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली पूनम पंडित अब कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। इंटरनेशनल शूटर होने का दावा करने वालीं पूनम पंडित डांसर सपना चौधरी की बाउंसर भी रह चुकी हैं।

पूनम कांग्रेस में हुईं शामिल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू की मौजूदगी में गुरुवार को पूनम पंडित ने पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान पूनम पंडित ने कहा कि, बेटियों की आवाज बनने के लिए मैं प्रियंका गांधी की शुक्रगुजार हूं, मैं उनके साथ हूं। माना जा रहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट भी दे सकती है। किसान आंदोलन के दौरान वह मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधती रही हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा को वोट दिया था।

सपना चौधरी की बाउंसर रह चुकी हैं पूनम
बुलंदशहर के इस्माइलपुर निवासी पूनम के पिता किसान थे। पिता विनोद पंडित का आठ साल पहले देहांत हो गया था। पूजा पंडित व उसकी बहन संध्या पंडित की शादी हो चुकी है। इनका भाई पिंटू पंडित मेरठ में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह हरियाणवी डांसर सपना चौधरी की बाउंसर भी रह चुकी हैं। नेपाल में हुए रूरल यूथ गेम में 2018 शूटिंग रेस 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं।

किसान आंदोलन से मिली पहचान
पूनम ने बताया था कि सपना चौधरी के बाउंसर के रूप में नौकरी उन्होंने घर चलाने के लिए की थी। बाद में वह किसान आंदोलन से जुड़ गईं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूनम पंडित ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं एक विचार धारा है, मैं इस विचारधारा से जुड़ना चाहती थी। यही कारण है कि मैंने कांग्रेस जॉइन की है। बेटियों की आवाज बनने के लिए मैं प्रियंका गांधी की शुक्रगुजार हूं। अब लड़ाई भाजपा और बेटी के बीच की लड़ाई है, प्रियंका गांधी देश की बेटी हैं।
Recommended Video

किसान महापंचायत के चलते भी आई थीं सुर्खियों में
हाल ही में पूनम पंडित उस समय चर्चा में आ गई थीं जब यूपी के मुज्जफरनगर में आयोजित किसान महापंचायत में उन्हें मंच पर चढ़ने से रोक दिया गया था। इस दौरान वे कई इंटरनेट मीडिया चैनल पर इंटरव्यू देती भी नजर आई और कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications