IND vs PAK: इधर 'श्रेयस' का विनिंग चौका, उधर आतिशबाजी शुरू; फैंस बोले: 'त्यौहार की खुशियां हुईं दोगुनी'
भारत ने आईसीसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया है। भारत की पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में यह लगातार 8वीं जीत है। भारत ने पाकिस्तान को 200 से कम रनों पर समेट दिया और 7 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं नवरात्र से एक दिन पहले पाकिस्तान पर मिली इस जीत ने त्यौहार की खुशियों में चार चांद लगा दिए हैं। इसकी एक बानगी वाराणसी में देखने को मिली, जहां फैंस ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं।
बता दें कि वाराणसी में पाकिस्तान के खिलाफ मैच को देखने और टीम इंडिया को सपोर्ट करने के लिए घरों से लेकर घाटों तक विशेष इंतजाम किए गए थे। वहीं शनिवार की छुट्टी को इस मैच ने दोगुना कर दिया। इस जीत के बाद भारतीय प्रशंसक खुशी से झूम उठे और सड़कों, चौराहों पर इकट्ठा होकर जमकर आतिशबाजी की। कहीं पर लोगों ने ढोल बजाए तो कहीं मिठाइयां बांट कर जश्न मनाया।

इन तस्वीरों को देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि भारतीय टीम की पाकिस्तान पर इस जीत और रोहित शर्मा के आग उगलते बल्ले का आनंद किस प्रकार भारतीय प्रशंसकों ने उठाया है। साथ ही त्यौहार का माहौल और वीकेंड ने 'सोने पर सुहागा' का काम किया है।

वहीं सोशल मीडिया पर लोगों ने व्यंग करते हुए कहा कि "मैच एकतरफा होने के चलते थोड़ा कम मजा आया, लेकिन उम्मीद है कि एक और मैच में भारत पाकिस्तान का आमना-सामना होगा और हम फिर उन्हें धूल चटाएंगे।"














Click it and Unblock the Notifications