पूर्व सपा MLA Guddu Pandit ने कांग्रेस नेत्री पत्नी को बालों से घसीटा-झाड़ू से पीटा, वो चीखती रही-वजह क्या?
EX MLA Guddu Pandit VIDEO: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित और उनकी तीसरी पत्नी कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा के साथ मारपीट का वीडियो तहलका मचा रहा है। वीडियो में दोनों एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। एक हिस्से में अर्चना जमीन पर दिखाई देती हैं, जबकि गुड्डू पंडित उनके साथ मारपीट करते नजर आते हैं। बाद में अर्चना के हाथ में झाड़ू आती है और वह भी उससे गुड्डू पंडित पर हमला करती दिखाई देती हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना 2 सितंबर की है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है। 2024 में भी अर्चना पांडा और गुड्डू पंडित की झड़प का वीडियो सामने आ चुका है। आइए विस्तार से जानते हैं....

वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घर के अंदर दोनों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। एक समय अर्चना पांडा जमीन पर गिर जाती हैं। इसके बाद गुड्डू पंडित उनके साथ मारपीट करते नजर आते हैं। इसी दौरान अर्चना को झाड़ू मिलती है और वह भी गुड्डू पंडित को झाड़ू से मारती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह कमरे से बाहर निकलती हैं और गुस्से में चिल्लाती नजर आती हैं। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और मारपीट की शुरुआत कैसे हुई? मामले की छानबीन जारी है।
Who Is Archana Panda: कौन हैं अर्चना पांडा?
अर्चना पांडा राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।जानकारी के अनुसार, वह कांग्रेस से जुड़ी रही हैं और कांग्रेस महिला संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। साथ ही वह गुड्डू पंडित की तीसरी पत्नी भी हैं। दोनों के बीच मतभेद के वीडियो समय-समय पर चर्चा का केंद्र बने रहे हैं।
Who Is Guddu Pandit: कौन हैं गुड्डू पंडित?
गुड्डू पंडित का असल नाम श्रीभगवान शर्मा है। चुनावी रिकॉर्ड के मुताबिक, उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को गौतम बुद्ध नगर जिले में हुआ था और उन्होंने 10वीं तक शिक्षा हासिल की है। उनका संबंध नोएडा के गिझौड़ क्षेत्र से बताया जाता है, जबकि उनकी राजनीतिक पहचान बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से बनी।
2007 में कल्याण सिंह के बेटे को हराकर चर्चा में आए
गुड्डू पंडित पहली बार 2007 के विधानसभा चुनाव में चर्चा में आए। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर डिबाई सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को हराया। गुड्डू पंडित ने करीब 15 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। डिबाई को उस समय कल्याण सिंह परिवार का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता था। इसलिए उनकी जीत को बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना गया। उनके 2007 के चुनावी हलफनामे में चार आपराधिक मामले भी घोषित किए गए थे। हालांकि, उस समय किसी मामले में दोषसिद्धि दर्ज नहीं थी।
2011 में बसपा छोड़कर सपा में गए
अगस्त 2011 में गुड्डू पंडित ने बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उस समय उन्होंने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव की मौजूदगी में सपा में शामिल होने की घोषणा की थी।
इसके बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा के टिकट पर डिबाई से चुनाव लड़ा और एक बार फिर राजवीर सिंह को हरा दिया। इस चुनाव में गुड्डू पंडित को 62,969 वोट मिले, जबकि राजवीर सिंह को 59,372 वोट मिले। जीत का अंतर करीब 3,600 वोट रहा। इस तरह गुड्डू पंडित ने लगातार दूसरी बार राजवीर सिंह को चुनाव में हराया।
भाई भी बने विधायक
गुड्डू पंडित के छोटे भाई मुकेश शर्मा भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने शिकारपुर सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनने में सफलता हासिल की थी। गुड्डू पंडित ने 2019 में फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। वहीं उनकी पहली पत्नी काजल शर्मा का नाम भी राजनीति में सामने आया। वह 2014 के लोकसभा चुनाव में अलीगढ़ से सपा उम्मीदवार रही थीं।
2022 में सपा में लौटे, शिवसेना से भी चुनावी कोशिश
जनवरी 2022 में गुड्डू पंडित ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी में वापसी की। हालांकि पार्टी ने उन्हें डिबाई से टिकट नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने शिवसेना के टिकट पर डिबाई से चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन नामांकन में जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण उनका पर्चा खारिज हो गया।
पुराने मामले में जेल की सजा भी हुई
गुड्डू पंडित का नाम पहले भी विवादों में रहा है। वर्ष 2011 के एक मामले में उन पर एक उम्मीदवार को चुनाव नहीं लड़ने के लिए कथित तौर पर धमकाने का आरोप लगा था। शिकायतकर्ता राकेश शर्मा ने आरोप लगाया था कि गुड्डू पंडित ने उन्हें चुनाव से दूर रहने के लिए दबाव बनाया और बात नहीं मानने पर पुलिस एनकाउंटर कराने की धमकी दी। मामले में कथित फोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी जांच का हिस्सा बनी थी।
अक्टूबर 2023 में बुलंदशहर की अनूपशहर स्थित विशेष MP-MLA कोर्ट ने इस मामले में गुड्डू पंडित को दोषी ठहराते हुए 14 महीने की सजा सुनाई थी।


Click it and Unblock the Notifications
