गांव में नहीं थी लाइट, पावर हाउस में चल रही थी बियर पार्टी, तस्वीर हुई वायरल
हरदोई। यूपी सरकार सूबे में 18 से 20 घंटे बिजली देने की बात कर रही है, वहीं, बिजली विभाग के कर्मचारी ही सरकार की इस मुहीम को पलीता लगा रहे है। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से ऐसी ही तस्वीरें सामने आई है। हरदोई जिले के विद्युत उपकेंद्र कछौन में बिजली विभाग के कर्मचारियों को बियर पार्टी करते हुए ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा और विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की है।

कछौना के विद्युत उपकेंद्र को विभाग के कर्मचारियों ने अपना मयखाना बना दिया है। दिन के उजाले में भी पावर हाउस में जाम टकराते देख ग्रामीणों ने पूरा नजारा अपने कैमरे में कैद कर लिया। हालांकि ग्रामीणों को आता देख शराबी कर्मचारी शराब की बोतलें छोड़ कर वहां से रफूचक्कर हो गए। लेकिन उनकी कारगुजारी लोगों के फोन में कैद हो गई। ग्रामीणों ने पूरे मामले का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पूरे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

शेड्यूल के अनुसार नहीं मिलती बिजली
दरअसल, नगर कछौना 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल निर्धारित है। मगर ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अघोषित बिजली कटौती और लोकल फाल्ट के कारण महज छह से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। जिससे उपभोक्ताओं को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को 33 केवी की मेन लाइन का पोल टूट जाने के कारण नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरे दिन बाधित रही। शाम को लगभग छह बजे आपूर्ति बहाल हुईl मगर नगर कछौना के रेलवेगंज मोहल्लावासियों को फिर भी बिजली नही मिली। जिसकी शिकायत करने मोहल्लेवासी पावर हाउस पहुंचे लेकिन वहां की तस्वीर देख उनके होश उड़ गए।
लोगों ने की अधिकारियों से शिकायत
लोगों ने इस मामले की जानकारी ऑला अधिकारियों की दी। जिसके बाद एडीएम विमल अग्रवाल ने कहा कि मामला अभी मेरे संज्ञान में आया है। इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उस समय देखा जायेगा कौन-कौन कर्मचारी वहां मौजूद थे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications