दिव्यांग महिला को अगवा कर किया गैंगरेप, पेड़ से बाधकर कुएं में लटकाया
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दवाई लेकर वापस लौट रही दिव्यांग महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने महिला को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया। महिला को बेहोशी की अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को डिबाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पीड़िता के परिजनों ने तीन अज्ञात लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामला बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र का है। एक गांव निवासी 30 वर्षीय दिव्यांग महिला सोमवार दोपहर अतरौली दवा लेने गई थी। महिला शाम वाली ट्रेन से दवा लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि डिबाई रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद बाइक सवार तीन युवकों ने महिला को अगवा कर ग्राम जरेना के जंगल में ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। इतना नहीं आरोपियों ने महिला को पेड़ से बांधा और कुए में भी लटकाया। बाद में महिला को बेहोशी की अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित महिला घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसे रात भर काफी तलाश किया। मंगलवार सुबह दिव्यांग महिला बेहोशी की अवस्था में एक बाग में मिली। परिजनों ने इसकी सूचना डायल 100 पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोशी की हालत में मिली महिला को डिबाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। होश आने पर महिला ने परिजनों व पुलिस को पूरी घटना बताई। पीड़िता के जेठ ने बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications