मऊ में दो छात्रों को ट्रक ने कुचला, हादसे के बाद आगजनी, बवाल
इस घटना में एक बाइक सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। इस घटना में एक बाइक सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे में एक और व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।

आक्रोशित छात्रों ने की आगजनी
इस घटना की जानकारी परिजनों और छात्रों को हुई तो वे आक्रोशित हो गए। लोग जमा हो गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। यही नहीं, इस आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को आग के हवाले करने के साथ ही कई गाड़ियों में आग लगा दी।

कॉलेज के करीब ही हुई घटना
मृतक छात्र पुष्पाकर यादव पुत्र राजेश यादव निवासी मोलिमाबाद कक्षा 12 का इएचएनवी कालेज का छात्र था। जहां पर दुर्घटना हुई है, वही पर टाउन इंटर कालेज व सन्तगणिनाथ राजकीय महाविद्यालय भी है। देखते-देखते तीनो विद्यालयों के छात्र इकट्ठा हो गए और खूनी ट्रक में आग लगा दी जो धू-धू कर पूरी तरह से जल गई। भीड़ ने अन्य गाड़ियों में भी आगजनी की।

बवाल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही मौके पर जनपद की पुलिस पहुंच गई परन्तु शव को एकत्रित लोग व परिजन शव को उठाने नहीं दे रहे थे। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे थे व छात्र विद्यालय के सामने ब्रेकर लगाने की भी मांग कर रहे है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मौके पर भगदड़, लोगों को लगी चोटें
आक्रोशित छात्रों ने ईंट-पत्थर भी चलाना शुरू कर दिए, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और दो पत्रकारों को भी चोटें आईं। हालात नाजुक हो गए और दोनों तरफ जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव अपने दलबल के साथ पहुंच गये। ताजा सूचना मिलने तक हालात पर पुलिस ने काबू कर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications