Disha Patani Firing Case में फरार दो बदमाशों पर ₹1-1 लाख का इनाम, STF और पुलिस ने जारी की तलाश
Disha Patani Firing Case: उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। ताजा जानकारी के अनुसार, फायरिंग में शामिल चार शूटरों में से दो बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है, जबकि बाकी दो पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले 10 सितंबर की शाम करीब 6 बजे चारों शूटर बरेली पहुंचे थे। इनमें से दो ने होटल प्रीत और दो ने होटल हिंद में ठहराव किया था। योजना बनाकर इन्होंने अगले दिन वारदात को अंजाम दिया।

पहली बार फायरिंग नाकाम रही
जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर को नकुल और विजय तोमर ने पहली बार दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। हालांकि, उस दिन जल्दबाजी में सिर्फ एक गोली चलाकर दोनों मौके से भाग निकले। चूंकि गोली चलने की आवाज ज्यादा नहीं फैली और कोई नुकसान भी नहीं हुआ, इसलिए यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय नहीं बनी।
12 सितंबर को हरियाणा के शूटर रविंद्र उर्फ कल्लू और अरुण दोबारा बरेली पहुंचे। इस बार इन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और इलाके में दहशत फैला दी। उस वक्त नकुल और विजय भी पास में ही बैकअप में मौजूद थे। फायरिंग के बाद सभी बदमाश दो बाइकों से भाग निकले।
गांव के रास्ते भागने में रहे सफल
सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग के बाद चारों आरोपी बरेली की गलियों से होते हुए रामपुर की ओर निकल गए। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले शहरी इलाके से बचकर गांव की पगडंडियों से होते हुए हाइवे का रास्ता पकड़ा। नकुल और विजय सुपर स्प्लेंडर बाइक से थे, जबकि रविंद्र और अरुण अपाचे बाइक पर सवार थे।
17 सितंबर की रात को यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में रविंद्र और अरुण को मार गिराया। दोनों हरियाणा के रहने वाले थे-रविंद्र उर्फ कल्लू रोहतक से और अरुण सोनीपत से।
फरार बदमाशों पर इनाम
फिलहाल, बागपत निवासी नकुल और विजय तोमर अभी फरार हैं। बरेली पुलिस ने इन दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इन दोनों को भी पकड़ लिया जाएगा।
यह मामला अब न सिर्फ बरेली बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस की सख्त कार्रवाई और STF की सक्रियता के चलते उम्मीद जताई जा रही है कि फरार आरोपी भी जल्द कानून की गिरफ्त में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications