UP में डेंगू के बढ़ रहे मामलों ने बढ़ाई टेंशन, जानिए Lucknow के लिए क्या कदम उठा रही योगी सरकार
Dengue in Uttar Pradesh: राजधानी लखनऊ ही नहीं पूरे प्रदेश के कई शहरों में डेंगू का प्रकोप फैलता जा रहा है। अधिकारियों की माने तो पिछले तीन दिनों में यूपी में डेंगू के एक हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं जिसने यूपी सरकार की चिंता को और बढ़ा दिया है। राजधानी लखनऊ में डेंगू से अब तक चार लोगों की मौत हो गई है जबकि डेंगू ने गुरुवार को 45 और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मामले बढ़कर 1,498 हो गए हैं। सरकार ने डेंगू से निपटने के लिए युद्धस्तर पर फॉगिंग शुरू की है।

व्यापक पैमाने पर शुरू किया गया अभियान
हालांकि डेंगू फैलने के खराब प्रबंधन के लिए उच्च न्यायालय द्वारा लखनऊ नगर निगम की खिंचाई की थी। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस बीमारी पर अंकुश लगाने के लिए 15 दिनों का व्यापक अभियान शुरू किया। अभियान के पहले दिन गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर संयुक्ता भाटिया ने 1090 क्रॉसिंग से 400 फॉगिंग और लार्वा रोधी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पूरे शहर में 400 वाहन कर रहें फॉगिंग
डेंगू से निपटने के लिए पूरे शहर में फैले 400 फॉगिंग, एंटी-लार्वा वाहन से दवाओं का छिड़काव किया गया। संभागीय आयुक्त रोशन जैकब और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने इलाकों का दौरा कर इसका जायजा भी लिया। वहीं इन वाहनों में 130 टू-व्हीलर माउंटेड फॉगिंग मशीन, 40 फोर-व्हीलर माउंटेड फॉगिंग मशीन, 85 ट्रैक्टर टैंकर एंटी-लार्वा मशीन, 70 बैटरी चालित एंटी-लार्वा मशीन और 40 पाइरेथ्रम स्प्रे मशीन के साथ छह स्मॉग गन और नौ स्वीपिंग मशीन शामिल हैं।
60 से अधिक इलाकों में चलाया जा रहा अभियान
राणा प्रताप मार्ग, राजाजीपुरम, कृष्णानगर, जानकीपुरम, इंदिरानगर, जियामऊ, डालीबाग और विजयनगर सहित 60 से अधिक इलाकों में अभियान चलाया गया। अतिरिक्त नगर आयुक्त पंकज सिंह ने कहा, "एलएमसी और स्वास्थ्य विभाग की एक टीम उन क्षेत्रों का दौरा करेगी जहां डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं और निवासियों को सावधानियों के बारे में जागरूक करेंगे। विशेष अभियान के तहत अगले 15 दिनों तक साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार फॉगिंग और लार्वा रोधी छिड़काव किया जाएगा।
6 नए मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया
वहीं दूसरी ओर छह नए मरीजों की हालत गंभीर बताई गई और उन्हें लोकबंधु, एसपीएम सिविल और बलरामपुर अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज अग्रवाल ने कहा कि,
"स्थिति नियंत्रण में है क्योंकि कम संख्या में रोगियों को प्लेटलेट्स ट्रांसफ्यूजन की आवश्यकता होती है। प्लेटलेट्स की कोई कमी नहीं है। हालांकि अभी इस पूरे महीने तक डेंगू को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। दिन में जिस तरह का टेंपरेचर रह रहा है उसके हिसाब से अभी डेंगू को समाप्त होने में समय लग सकता है।"
गुरुवार को अलीगंज में आए सबसे अधिक मामले
उन्होंने कहा, "अस्पतालों को डेंगू के मामलों के लिए प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता रखने के लिए कहा गया है।" गुरुवार को सबसे ज्यादा मामले अलीगंज से सामने आए। मच्छरों के लार्वा पाए जाने वाले छह मकान मालिकों को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा, "उन्हें 24 घंटे के भीतर प्रजनन स्थल को साफ करने के लिए कहा गया है।"












Click it and Unblock the Notifications