रास्ते पर सिपाही की कनपटी भेदी हुई लाश, जला मोबाइल, पिस्टल गायब
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मझोला थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एसओजी में तैनात एक सिपाही का शव सड़क पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास रखे बैग की तलाशी ली तो मृतक की पहचान एसओजी में तैनात सिपाही आयुष भट्ट के रूप मे हुई।

एसओजी सिपाही की गोली लगी लाश मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कम्प मच गया और मौके पर फोरेंसिक साइंस की टीम को भेजकर जांच शुरू कराई गई। मूल रूप से उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले आयुष भट्ट मझोला थाना क्षेत्र के रामतलैया में किराये के कमरे में रह रहे थे। कल शाम आखिरी बार अपनी टीम के साथियों से उनकी मुलाकात हुई थी जिसके बाद उनकी कोई जानकारी किसी के पास नहीं थी।

सुबह पुलिस को शव के पास मिले बैग से बरामद आईकार्ड के आधार पर सिपाही की पहचान हुई। पुलिस को शव के पास से एक बैग,, मृतक सिपाही का पर्स ओर एक सुसाइड नोट भी मिलने की बात कही जा रही है लेकिन सिपाही का सर्विस पिस्टल मौके पर नहीं मिला जिसके बाद पुलिस हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।

पुलिस ने मृतक सिपाही के परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी है। पुलिस स्थानीय लोगों, एसओजी टीम के सदस्यों और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ होने का दावा कर रही है। जिस जगह पुलिस को आयुष का शव मिला है उसके पास ही एक मोबाइल फोन जली हालत में मिला है जिसको जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications