गोरखपुर पुस्तक महोत्सव का जल्द होगा शुभारंभ, सीएम योगी बच्चों को देंगे यह खास उपहार
DDU University Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में गोरखपुर पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ 1 नवम्बर 2025 को प्रातः 9:30 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (National Book Trust, India) और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा फीता काटकर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा, जिसके पश्चात वे विशिष्ट अतिथियों के साथ पुस्तक मेले का अवलोकन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी बच्चों से संवाद करेंगे और उन्हें पुस्तकें भेंट करेंगे।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुदाकर मराठे उद्घाटन संबोधन देंगे, जिसमें वे पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने और समाज में ज्ञान के प्रसार में पुस्तकों की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। इसके उपरांत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन अपने उद्बोधन में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में पुस्तक महोत्सव के महत्व पर विचार व्यक्त करेंगी।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि -
"गोरखपुर पुस्तक महोत्सव केवल एक मेले का आयोजन नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति और संवाद का उत्सव है। यह विद्यार्थियों और शोधार्थियों को पुस्तकों से गहरा संबंध स्थापित करने और चिंतनशील समाज निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि विद्यार्थी पठन-पाठन को अपनी बौद्धिक और व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम बनाएं।"
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पुस्तक प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के अंत में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के निदेशक श्री युवराज मलिक धन्यवाद ज्ञापन देंगे। यह आयोजन गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर है, जो शिक्षा, संस्कृति और समाज के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता तथा ज्ञानोन्मुख दृष्टि को सशक्त रूप में अभिव्यक्त करता है।












Click it and Unblock the Notifications