DDU University: युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विश्वविद्यालय ने की यह खास पहल
DDU University Gorakhpur: "सेवा पखवाड़ा" (17 सितम्बर - 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग द्वारा आज 27 सितम्बर को "Entrepreneurship Fair" का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे आरंभ हुआ, जिसमें व्यवसाय प्रशासन विभाग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य के सफल उद्यमी बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आज का युवा केवल नौकरी का आकांक्षी न बनकर नए अवसरों का सृजनकर्ता भी बने। उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर ही नहीं बनाती, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर भी देती है।

इस आयोजन की प्रेरणा उत्तर प्रदेश की माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल से मिली, जिन्होंने सदैव शिक्षा और आत्मनिर्भरता के बीच सेतु स्थापित करने पर बल दिया है। विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. पूनम टंडन के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
व्यवसाय प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव ने उद्यमिता मेले की रूपरेखा प्रस्तुत की और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने विचारों को व्यावहारिक रूप दें।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन प्रो. दिव्या रानी सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार विद्यार्थियों को नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने अपने संबोधन में कहा, "आज का युग नवाचार और आत्मनिर्भरता का है। युवाओं के पास अपार संभावनाएँ हैं। उन्हें केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर उद्यमिता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। यह उद्यमिता मेला केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य की ओर बढ़ाया गया ठोस कदम है।
हम चाहते हैं कि हमारे युवा रोजगार खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इस प्रकार के आयोजन उनकी रचनात्मकता को पंख देते हैं और उन्हें यह विश्वास दिलाते हैं कि एक छोटे से विचार से भी बड़े व्यवसाय और नए अवसर खड़े किए जा सकते हैं। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ऐसे अवसर लगातार उपलब्ध कराता रहेगा, जिससे युवा आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बन सकें।"
कार्यक्रम में उद्यमिता मेले का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए थे जैसे छात्रों ने अपने स्टार्टअप मॉडल, उत्पाद प्रदर्शन के द्वारा अपने स्टॉल का प्रदर्शन किया जिसके नाम इस प्रकार से थे जैसे शेक बार, बिग कनेक्ट हब ( वन कनेक्शन, मेनी फ्यूचर)
, हेल्थ हैकर, इको इनोवेटिव ,द चाट हब, द कॉम सोल, नट सीड एंड सोल जैसे व्यावसायिक योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया। युवा सशक्तिकरण जैसे परियोजना, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, और डिजिटल नवाचार पर केंद्रित रहे।












Click it and Unblock the Notifications