DDU University: 44वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों हेतु कुलपति ने की समन्वय बैठक,पहली बार होगा कुछ ऐसा
DDU University Dikshant samaroh Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में 44वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन हेतु गठित समितियों की समन्वय बैठक प्रशासनिक भवन के कमेटी हाल में संपन्न हुई।
तैयारियों की समीक्षा और निर्देश
बैठक में कुलपति ने क्रमवार सभी तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पहली बार अपने परिसर से बाहर, महायोगी गोरक्षनाथ परीक्षा गृह में दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इस अवसर के महत्व को देखते हुए कुलपति ने सभी समितियों को समयबद्ध और उत्कृष्ट तैयारी करने के निर्देश दिए।

विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
कुलपति ने यह घोषणा भी की कि दीक्षांत समारोह के अवसर पर महायोगी गोरक्षनाथ ऑडिटोरियम प्रांगण में एक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के पेटेंट, कॉपीराइट तथा अन्य नवाचार संबंधी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
नवनिर्मित सुविधाओं का उद्घाटन
कुलपति ने अवगत कराया कि दीक्षांत समारोह के दौरान माननीय कुलाधिपति द्वारा कई नवनिर्मित एवं पुनर्निर्मित सुविधाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें अतिथि गृह, संत कबीर नगर बायोटेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम, माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला तथा केमिस्ट्री प्रयोगशाला का पुनर्निर्माण शामिल है।
उत्कृष्ट शोध करने वाले शिक्षकों और शोधकर्ताओं का सम्मान
कुलपति ने बताया कि मेडल विजेताओं के साथ विश्वविद्यालय पहली बार पिछले छह माह में उत्कृष्ट शोध कार्य करने वाले शोधकर्ताओं को भी माननीय कुलाधिपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पहली बार सभी स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेगा।
बैठक में प्रतिकुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी, दीक्षांत समारोह की संयोजक प्रो. नंदिता आईपी सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य, कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications