रायबरेली: दिनेश सिंह के भाजपा में जाने पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के कांग्रेस छोड़ने पर कांग्रेसियों ने तिलक भवन में मिठाई बांटकर खुशी जताई। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच से रायबरेली के विकास को लेकर दिए गए बयान की कांग्रेसियों ने निंदा की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते 4 सालों से जिले के विकास भाजपा सरकार ने क्या किया। यूपीए की सरकार की अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में दरियापुर एम्स में बन रहे 960 बेड के अस्पताल की क्षमता घटा दी है। ओपीडी को आज तक शुरू नहीं कराया गया। मिंट पार्क बन कर तैयार है, उसे आज तक शुरू नहीं कराया गया है। मोटर ट्रेनिंग कार्यक्रम से युवाओं को रोजगार मिलता लेकिन आज तक कोई कार्य नहीं कराया गया। इसी तरह अन्य कार्य भी रुके हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति के दौरान कई बार बिजली गई। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कार्यक्रम स्थल पर आग लगना सरकार की असफलता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी की सरकार झूठ और अफवाहों के जरिए विकास का ढिंढोरा पीटती है। उन्होंने कहा कि रायबरेली नेहरु गांधी परिवार की पवित्र कर्मभूमि है जिसने भी कुचक्र रचा उसका इतिहास मिट गया। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी । श्री शुक्ल ने कहा कि विधान परिषद सदस्य कांग्रेस के सचेतक दीपक सिंह विधान परिषद में लिखित मांग करेंगे कि एमएलसी दिनेश सिंह की सदस्यता खत्म की जाए ।
महिला जिलाध्यक्ष शैलजा सिंह ने कहा कि स्वार्थ में लिए गए निर्णयों को जनता खूब अच्छी तरह से पहचानती है। एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के जाने से पार्टी कमजोर नहीं हुई है। वहीं जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।












Click it and Unblock the Notifications