'वो हमेशा नशे में रहती हैं...', अजय राय का कंगना रनौत पर पलटवार, कहा- बीजेपी को उन्हें निष्कासित करना चाहिए
Ajay Rai statement: भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन को लेकर दिए गए बयान को लेकर घमासान मचा हुआ है। एक बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय राय ने भी कंगना रनौत पर हमला बोला है।
अजय राय ने मंगलवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कंगना रनौत ने किसानों को गाली दी। कंगना रनौत ने कहा कि जब वहां किसान धरना दे रहे थे तब वहां रेप और मर्डर हो रहा था और वह देख रहीं थीं।

अजय राय ने आगे कहा कि जब जनता का चुनाव हुआ प्रतिनिधि और एक सांसद ऐसे बयान दे रहा है। नशे की बात कर रहा है... अरे वह तो खुद हमेशा नशे में रहती हैं। उन्होंने कहा कि मेरी मांग है कि भारतीय जनता पार्टी को तुरंत कंगना रनौत को निष्कासित कर देना चाहिए।
हमारी रगों में दौड़ रहा किसानों का खून
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कंगना रनौत द्वारा इस तरह से बयान दिया जा रहा है जैसे वहां पर उन्होंने स्पेशल कैमरे लगवा रखे थे। सांसद होते हुए कंगना रनौत ने ऐसा बयान दिया। हम सब किसानों के बेटे हैं। हमारी रगों में किसानों का खून दौड़ रहा है।
आगे उन्होंने कहा कि इस बयान से कंगना रनौत ने सबको पूरे समाज को गाली दी है। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की की केवल यह कहते हुए कि उनका व्यक्तिगत बयान है भाजपा अपना पीछा नहीं छुड़ा सकती है। भारतीय जनता पार्टी को कंगना रनौत को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।
गंगा लैब को लेकर भी सरकार पर बोला हमला
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में गंगा लैब बंद होने के मामले को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गंगा के ऊपर शोध करने की जो व्यवस्था थी केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में उसे गंगा पुत्र मोदी जी के रहते बंद कर दिया गया है।
लैब में गंगा सफाई के लिए शोध हो रहे थे और कार्य किया जा रहे थे। उसे बिना किसी कारण के बंद कर दिया गया। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि सरकार गंगा सफाई और कार्य के लिए कितना सीरियस है। इसके अलावा उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले के विरोध में भाजपा द्वारा निकाली गई आक्रोश रैली का भी विरोध किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के लोगों ने यात्रा निकालकर काशी की सड़कों पर अराजकता फैलाई। मैं भारत के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद से पूछना चाहता हूं कि वह बताएं कि शेख हसीना कहां है और उन्हें आपने कहां छुपा रखा है।
उपचुनाव में हाई कमान करेगी फैसला
उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने पांच सीटें मांगी हैं। इसे लेकर के आखिरी फैसला पार्टी हाई कमान द्वारा लिया जाएगा और हमारा गठबंधन उपचुनाव में 10 में से 10 सीटों पर जीत हासिल करेगा।












Click it and Unblock the Notifications