कांग्रेस की पोल खोल प्रदर्शनी: मोदी सरकार के फैसलों की उड़ाई खिल्ली
मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर यूपी के कानपुर में कांग्रेस ने पोल खोल प्रदर्शनी का आयोजन किया। हालांकि इस प्रदर्शनी को देखने में लोगों ने रुचि नहीं दिखाई और वहां सिर्फ टिकट कार्यकर्ता ही नजर आए।
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार के तीन साल पूरे होने पर सभी मंत्रियों को जनता के बीच जाकर सरकार के कामकाज के बारे में बताने को कहा है तो कांग्रेस पलटवार करने के मूड में आ गयी है। इसी कड़ी में उसने आज कानपुर में 'पोल खोल प्रदर्शनी' लगायी।

उत्तर प्रदेश में भले ही कांग्रेस भूले बिसरे जमाने की पार्टी बनती जा रही हो लेकिन अब अपनी राजनीति चमकाने के लिये वो कुछ लटके झटके दिखाने लगी है। शायद इसीलिये उसने कुछ कार्टून पोस्टरों के मदद से कानपुर के व्यस्ततम मार्ग माल रोड पर सरकार विरोधी 'पोल खोल प्रदर्शनी' लगाई। इस प्रदर्शन में मोदी सरकार के कुछ फैसलों की खिल्ली उड़ाने की कोशिश की गयी। मसलन नोटबन्दी से हुई आम आदमी को परेशानी, कौशल विकास योजना की खामियां, नमामि गंगे परियोजना और रेडियो के जरिये आम आदमी से जुड़ने का तरीका कांग्रेस के निशाने पर रहे। इसके अलावा इस प्रदर्शनी में पीएम मोदी के महंगे सूट और सेल्फी लेने के शौक का भी मजाक बनाया गया तो विदेशों से काला धन लाने और कश्मीर से धारा 370 हटाने के वायदा पूरा न करने पर भी मोदी को निशाने पर रखा गया।
हालांकि प्रदर्शनी आयोजकों के तरकस में मोदी सरकार के खिलाफ कई तीर थे लेकिन अपने दशकों के कार्यकाल की विफलताओं पर किये गये सवालों का कोई जवाब नहीं था। शायद यही वजह रही कि इस प्रदर्शनी को देखने में आम जनता ने कोई रूचि नहीं दिखायी और केवल नगर निगम चुनावों में पार्टी टिकट के दावेदार ही वहां नजर आए।
देखें वीडियो-












Click it and Unblock the Notifications