बीजेपी ने टिकट देकर श्रीकांत शर्मा को बनाया बलि का बकरा: प्रमोद तिवारी
श्रीकांत शर्मा पर प्रमोद तिवारी ने सहानुभूति दिखाते हुए राजनीतिक चुटकी ली। बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि श्रीकांत शर्मा को बलि का बकरा बनाया गया है।
मथुरा। वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। प्रमोद तिवारी ने मथुरा में जारी की गई बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट को ही निशाने पर लिया। इस बार वृंदावन से बीजेपी उम्मीदवार श्रीकांत शर्मा पर प्रमोद तिवारी ने सहानुभूति दिखाते हुए राजनीतिक चुटकी ली। बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि श्रीकांत शर्मा को वृंदावन से टिकट देकर बीजेपी ने कोई बड़ा काम नहीं किया है बल्कि यह तो श्रीकांत शर्मा जैसे नेता के साथ ज्यादती है, उन्हें बलि का बकरा बनाया गया है। जो उन्हें नजदीक की सीट से उठाकर यहां पटक दिया गया है। प्रमोद तिवारी ने यहां तक कहा कि उनकी सहानुभूति श्रीकांत शर्मा के साथ है।

सूबे में सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर बोलते हुए भी प्रमोद तिवारी ने कई बातें कही। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विनय कटियार के एक बयान पर भी आपत्ति दर्ज की। दरअसल विनय कटियार ने इससे पहले प्रियंका गांधी पर एक आपत्तिजनक बयान दिया था। तिवारी ने बीजेपी के साथ-साथ बीएसपी को भी घेरते हुए कहा कि बीजेपी और बीएसपी एक ही हैं। यूपी में बीएसपी बीजेपी की बी टीम है। बीजेपी के निकाले हुए नेता ही बीएसपी की शोभा बढ़ा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications