सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे दिल्ली, अमित शाह के साथ चल रही अहम बैठक
लखनऊ, 19 अगस्त: नई दिल्ली, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे हुए हैं। गृह मंत्री अमित शाह के घर पर अहम बैठक चल रही है। बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन मंत्री सुनील बंसल भी मौजूद हैं।

भाजपा सूत्रों की माने तो बीजेपी आलाकमान आज एमएलसी की चार सीटों पर नाम फाइनल कर सकता है। बताया जा रहा है की बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व इस बात से नाराज है की अभी तक एमएलसी की सीटों पर नाम नहीं तय हो पाया है।
संगठन और सरकार के बीच सहमति नहीं बन पा रही
दरअसल यूपी में 5 जुलाई को ही एमएलसी की चार सीटें खाली हुई थी लेकिन काफी मशक्कत के बाद अभी तक नामों पर सहमति नहीं बन पाई है। बताया जा रहा है कि जिन नामों पर विचार चल रहा है उसमे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई, जितिन प्रसाद, दयाशंकर सिंह, राम चंद्र प्रधान, ओपी श्रीवास्तव, जेपीएस राठौर के नाम शामिल हैं। निषाद पार्टी भी अपने रुख पर अड़ी हुई है जबकि ओम प्रकाश राजभर की पार्टी को भी एडजेस्ट करने की कवायद चल रही है।
जन आशीर्वाद यात्राओं का फीडबैक ले सकते हैं नड्डा
दरअसल मोदी मंत्रिमंडल का जब विस्तार हुआ था तब यूपी से सात नए मंत्री बनाए गए थे। इन मंत्रियों को नड्डा ने जन आशीर्वाद यात्रा के तौर पर एक नया टास्क पकड़ाया था। बताया जा रहा है यह यात्राएं यूपी के 32 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरनी है लेकिन शीर्ष नेतृत्व के पास इन यात्राओं का जो फीडबैक पहुंच रहा है वह अच्छा नहीं है। लिहाजा इस मुद्दे पर भी भाजपा आलाकमान की योगी से बातचीत हो सकती है।
दो दिन पहले ही लखनऊ आए थे प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह
हालांकि दो दिन पहले ही लोकभवन में आयोजित विधायकों की डिनर पार्टी में सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, भाजपा के यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह मौजूद थे। इस दौरान यहां मौजूद विधायकों को इस बात की सीख दी गई कि सदन के भीतर और सदन के बाहर किस तरह का आचरण होना चाहिए। पार्टी को अब चुनाव में जाना है लिहाजा सभी लोग अपने कार्यशैली और आचरण पर खास ध्यान दें।












Click it and Unblock the Notifications