लखनऊ को मिली कई सौगात, सीएम योगी ने प्रधानमंत्री को कहा शुक्रिया
उत्तर प्रदेश में जिस तरह से भारतीय रेलवे लगातार विकास की ओर बढ़ रही है और मूलभूत ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है उसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में नए बारत की प्रगति की रेल तीव्र गति से गतिमान है। उसी क्रम में प्रधानमंत्री ने पुनर्विकसित गोमती नगर रेलवे स्टेशन के साथ ही देशभर की 2000 से अधिक रेल अवसंरचना परियोजना का लोकार्पण किया। आमजन के जीवन को सुगम बनाती इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार।

बता दें कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वस्तरीय गोमती नगर रेलवे स्टेशन के पहले चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए 13 अंडरपास, दो ओवरब्रिज का भी लोकार्पण किया। ये अंडरपास डालीगंज और लखनऊ सिटी स्टेशन के पास हैं। जिनका लोकार्पण किया गया।
मल्हौर, मानकनगर और मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प किया गया है, यहां यात्रियों के लिए नई ट्रेनों की शुरुआत के साथ ट्रेनों के स्टॉपेज की सुविधा का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यह लोकार्पण किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने इसके लिए लखनऊ वासियों को बधाई दी।












Click it and Unblock the Notifications