इस बार सूखा नहीं रहेगा बुंदेलखण्ड का हलक, योगी ने लिया यह दमदार फैसला
जल संकट से जूझ रहे बुंदेलखण्ड के लिए सीएम आदित्यनाथ योगी ने यह फैसला किया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने बुंदेलखंड के किसानों के लिए बड़ा फैसला करते हुए इलाके के लिए करोड़ों की धनराशि जारी की है। सख्त लहजे में योगी ने कहा कि यहां के लोगों, किसानों और पशुधन को हर हाल में पानी उपलब्ध होना चाहिए।

ये मिली है जानकारी
मुख्यमंत्री कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार बुंदेलखण्ड में पानी की समस्या को कम करने के लिए 47 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की गई है। इस दौरान योगी ने यह निर्देश भी दिया है कि समय पर बुंदेलखण्ड की सभी सिंचाई और पेयजल परियजोनाएं पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है 'योगी आदित्यनाथ ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तात्कालिक तौर पर 47 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की।'

जा सकते हैं बुंदेलखण्ड
संभावना है कि योगी इस महीने बुंदेलखण्ड जाएं और वहां के हालात का जायजा लें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने आदेश दिया था कि बिचौलियों से गेहूं खरीदने के बजाय अब सरकार सीधे किसानों से खरीदेगी। गेहूं खरीद केंद्र एक अप्रैल से अपना काम शुरू कर देंगे। सीएम योगी ने प्रदेश के सांसदों और विधायकों से ही अपील की थी कि वे अपने-अपने क्षेत्र के गेहूं खरीद केंद्रों की मॉनिटरिंग करें और किसी भी तरह की गड़बड़ी को होने से रोकें।

सरकार ने कहा था...
इससे सरकार को भी किसानों को होने वाली समस्याओं का पता चलेगा। आदेश के मुताबिक, गेहूं की खरीद आधार कार्ड और किसान बही के जरिए होगी। सरकार के प्रवक्ता ने कहा था कि, योगी सरकार किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभ देना चाहती है और इसीलिए गेहूं खरीदने पर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में होगा। इससे न सिर्फ बिचौलियों की दलाली खत्म होगी बल्कि किसानों को पूरा लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी को भी मिले निर्देश
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए नाप-तौल की अच्छी और पारदर्शी व्यवस्था की जाए। साथ ही किसानों के खाने-पीने और जनसुविधाओं की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications