जब सीएम योगी को असहाय बताने वाले भाजपा विधायक मिलने गए, फिर क्या हुआ?
हरदोई। शनिवार को यूपी के हरदोई पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में जब मुस्कराकर कहा कि हरदोई में कवि अधिक हो रहे हैं, खासकर हास्य कवि तो लोग मुस्करा उठे। वहीं मंच की पिछली पंक्ति पर बैठे गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश भी मुस्करा उठे। बता दें की कैराना व नूरपुर में हुई हार के बाद श्याम प्रकाश ने एक कविता के माध्यम से तंज कसा था, सीएम की इस टिप्पणी को लोग उसी से जोड़कर देख रहे है।

स्वागत करने गए तब भी सीएम योगी ने कहा
जब सीएम योगी हरदोई में मंच पर आए तो उनके स्वागत करने के लिए गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश गए। नमस्ते करते समय सीएम योगी विधायक श्याम प्रकाश से ये कहने से नहीं चूके कि कविता बहुत लिखते हो। गोपामऊ विधायक ने जिस तरह से इशारों में प्रदेश में योगी सरकार के कामकाज पर निशाना साधा था उसी तरह सीएम योगी भी उनको इशारा कर गए।

कैराना हार पर फेसबुक पर लिखी थी कविता
गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने फेसबुक पर वर्तमान की पांच हकीकत बताते हुए कविता लिखकर सीएम योगी को असहाय बताते हुए संघ पर भी निशाना साधा था। इसमें विधायक ने लिखा कि मोदी के नाम से राज पाए और जनता के हित में काम नहीं कर सके। उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्ट बताया था।

सीएम योगी ने किया कई योजनाओं का लोकार्पण
हरदोई पहुंचे सीएम करीब आठ घंटे जिले में रहे। इस दौरान सीएम ने जनपद में विभिन्न विभागों की 21 योजनाओं का लोकार्पण एवं 6 योजनाओं का शिलान्यास किया जिसमें लोकार्पण की जाने वाली 21 योजनाओं पर 3409.97 लाख खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार शिलान्यास की जाने वाली 6 योजनाओं पर किया जाने वाला व्यय 2011.62 लाख आयेगा। इस प्रकार जनपद में कुल 5421.59 लाख योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के दौरान भी सीएम ने अधिकारियों को नसीहत की घुट्टी की पिलाई।












Click it and Unblock the Notifications