Dilip Kumar के निधन पर सीएम योगी और प्रियंका गांधी ने जताया शोक, कही ये बात
लखनऊ, 07 जुलाई: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का आज सुबह 98 साल की उम्र में मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। पिछले काफी समय से उनकी तबीयत खराब थी। 'ट्रेजेडी किंग' दिलीप कुमार के निधन पर सिने-प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। देश के बड़े-बड़े नेता और अभिनेता शोक-संवेदनाएं जता रहे हैं। तो वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी, पूर्व सीएम अखिलेश यादव और पूर्व सीएम मायावती ने भी अपने-अपने ट्विटर अकाउंट्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
Recommended Video

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भारतीय सिनेमा जगत के पुरोधा, अभिनय सम्राट, असंख्य कलाकारों के प्रेरणास्रोत श्री दिलीप कुमार जी का निधन फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'
'गरीब का दर्द, देशप्रेम' अपने अभिनय के जरिए पर्दे पर उकेरा
कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा, 'जिन्होंने अपने अभिनय के जरिए "ये देश है वीर जवानों का...इस देश का यारों क्या कहना", "अपनी आजादी को हम हरगिज मिटा सकते नहीं, सर कटा सकते हैं, लेकिन सर झुका सकते नहीं" जैसे गीतों को करोड़ों हिंदुस्तानियों की जुबां पर सजाया, जिन्होंने हिंदुस्तान के करोड़ों लोगों की भावनाओं: गरीब का दर्द, युवा का प्रेम, देशवासी का देशप्रेम, आदि को अभिनय के जरिए पर्दे पर उकेरा, ऐसे अभिनेता का जाना हम सबके लिए एक अपूर्णीय क्षति है।
दिलीप कुमार जी के परिजनों एवं प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। विनम्र श्रद्धांजलि।'
'सलीम' का अमर किरदार..आप कहीं नहीं जा सकते दिलीप साहब
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दिलीप कुमार के साथ अपनी एक तस्वीर ट्वीट की है। तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, 'मौत उन्हें कहीं ले जा नहीं सकती और चाहने वालों की याद उन्हें कहीं जाने नहीं देगी... वो 'मुग़ल-ए-आज़म' का बगावती अंदाज़... 'सलीम' का अमर किरदार... आप कहीं नहीं जा सकते दिलीप साहब।
श्रद्धांजलि!
आज पुरानी राहों से, कोई मुझे आवाज़ न दे...
आज नई मंज़िल है मेरी, कल के ठिकाने भूल चुका...'
उनकी फिल्में हमेशा यादगार रहेंगी: मायावती
बीएसपी अध्यक्ष व पूर्व सीएम मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भारतीय फिल्मजगत बॉलीवुड की प्रसिद्ध व जानी-मानी हस्ती दिलीप कुमार के आज निधन की खबर अति-दुःखद। उनकी पत्नी सायरा बानो व उनके चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। अपनी अदाकारी से फिल्मजगत में अमिट छाप छोड़ने वाले दिलीप कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी फिल्में हमेशा यादगार रहेंगी'












Click it and Unblock the Notifications