'मैं प्योर वेज हूं', दो चम्मच खाने के बाद रोते-रोते बोलीं छाया शर्मा, नवरात्रि पर रेस्टोरेंट का 'बिरयानी कांड'
Greater Noida News: ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप स्विग्गी (Swiggy) ने ग्रेटर नोएडा में बड़ा कांड कर दिया! एक कस्टमर जिसने वेज बिरयानी मंगाई थी, उसको चिकन बिरयानी भेज दी, जिसके बाद पीड़ित युवती ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने रोते-रोते अपनी आपबीती बताई।
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है, जहां नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर एक युवती के साथ घटित लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

दो चम्मच खा लिए, फिर रोते-रोते बताई आपबीती
ग्रेटर नोएडा की रहने वाली छाया शर्मा नामक युवती ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप स्विग्गी (Swiggy) से वेज बिरयानी का ऑर्डर किया था, लेकिन डिलीवरी में उसे नॉनवेज यानी चिकन बिरयानी पकड़ा दी गई। इसका खुलासा तब हुआ जब उसने दो चम्मच खा लिए।
ऑर्डर वेज बिरयानी का ही था और भेजी...
छाया ने रोते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वह भावुक होकर इस घटना की जानकारी दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब जानबूझकर किया गया है। वीडियो के साथ युवती ने ऑर्डर का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिससे साफ होता है कि ऑर्डर वेज बिरयानी का ही था।
बकौल छाया उन्होंने आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी के पास स्थित 'लखनवी कबाब पराठा' नामक रेस्टोरेंट से ऑर्डर किया था। जब गलती का पता चला तो उन्होंने रेस्टोरेंट को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला।
हिरासत में ले रेस्टोरेंट संचालक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लिया है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि युवती द्वारा वेज ऑर्डर की गई बिरयानी में नॉनवेज दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
इस घटना ने ना सिर्फ उपभोक्ता अधिकारों को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि धार्मिक आस्थाओं के प्रति संवेदनशीलता को भी उजागर किया है। नवरात्रि जैसे अवसर पर हुई इस लापरवाही को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications