चंदौली रेलवे स्टेशन पर तस्करी कर लाए जा रहे सोने के सात बिस्किट बरामद, तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। बुधवार को चंदौली रेलवे स्टेशन पर सोने की तस्करी कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान तस्कर के पास सोने के 7 बिस्किट बरामद किए गए हैं। ये सोना कोलकाता से जयपुर के लिए भेजा रहा था जिसे दोपहर लगभग 3 बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चेकिंग के दौरान कब्जे में लिया। सोने के बिस्किट के साथ गिरफ्तार आरोपित चेकिंग के डर से ट्रेन से प्लेटफार्म पर उतर गया था। वह दूसरे ट्रेन से जयपुर जाने के फिराक में था। जीआरपी कस्टम विभाग को सूचना देकर अगली कार्रवाई में जुटी है।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध की तलाश पर मिला सोना
जीआरपी कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर अपर पुलिस महानिदेशक व एसपी पीके मिश्रा के निर्देश पर स्टेशन पर चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच प्लेटफार्म संख्या छह पर एक संदिग्ध दिखा। जवानों की देख वह तेजी से ट्राली बैग लेकर जाने लगा। संदेह होने पर ट्राली बैग की तलाशी ली गई तो सात सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इसका वजन कराने पर छह किलो 995 ग्राम निकला।
राजस्थान का रहने वाला है तस्कर
आरोपित राजस्थान के अजमेर जिला थाना दरगाह नया बाजार निवासी करन सोनी है। आरोपित कोलकाता से हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस से मुगलसराय पहुंचा। ट्रेन में चेकिंग के डर से मुगलसराय स्टेशन के प्लेटफार्म पर उतर गया था और स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। आरोपित ने पूछताछ में सोने के तस्करी में शामिल कोलकाता व जयपुर के कई लोगों के बारे में जानकारी दी है। आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- मंदिर-मस्जिद में बजने वाले लाउडस्पीकर को लेकर हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा ये बड़ा सवाल












Click it and Unblock the Notifications