'गाड़ी फिर पलट सकती है', प्रयागराज गोलीकांड के हत्यारों को यूपी कैबिनेट मंत्री की चेतावनी
सीएम योगी के बयान को याद दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में ही कहा था कि मिट्टी में मिला देंगे। अब इसकी शुरुआत हो चुकी है। योगी सरकार में मंत्री राठौर ने कहा कि आपने देखा प्रयागराज में क्या हुआ।

JPS Rathore: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर ने प्रयागराज गोलीकांड पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपराधियों को स्पष्ट रूप से कहा कि ज्यादा हाय-तौबा न करें, क्योंकि गाड़ी पलट भी सकती है। पत्रकारों से बातचीत में सीएम योगी के मंत्री ने यह बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सीएम योगी के बयान को याद दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में ही कहा था कि मिट्टी में मिला देंगे। अब इसकी शुरुआत हो चुकी है। योगी सरकार में मंत्री राठौर ने कहा कि आपने देखा प्रयागराज में क्या हुआ। सभी अपराधी डरे हुए हैं।
वहीं, इससे पहले उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरबाज को यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। उत्तर प्रदेश पुलिस का दावा है कि हत्याकांड के दौरान अरबाज ही क्रेटा कार चला रहा था। जिस पर सवार होकर शूटर उमेश पाल की हत्या करने के लिए आए थे। एक दिन पहले लावारिश इसी गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में लिया था। घटना के खुलासे के लिए एसटीएफ और पुलिस की 10 से अधिक टीमें लगी हैं। अतीक की पत्नी और दो बेटों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
उमेश पाल हत्याकांड में यूपी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल एक आरोपी को इलाहाबाद के धूमनगंज इलाके में मौजूद नेहरू पार्क में मार गिराया था। आरोपी अरबाज इस पार्क के जंगल वाले इलाके की एक खाली पड़ी इमारत में छिपा हुआ था। उसके साथ अन्य आरोपी भी मौजूद थे। पुलिस के मुठभेड़ में अरबाज मौके पर मारा गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
Recommended Video

बता दें कि अरबाज उमेश पाल की हत्या के समय अतीक अहमद के बेटे असद की गाड़ी अरबाज ही चला रहा था। जिसमें बैठकर आरोपी हत्या के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि, एनकाउंटर एसओजी और प्रयागराज पुलिस ने किया था। इस मुठभेड़ में एक पुलिस इंस्पेक्टर के हाथ में भी गोली लगी है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौके से फरार हुए बाकी आरोपियों को तलाश रही है।
बता दें कि, प्रयागराज में शुक्रवार को उमेश पाल और उसके गनर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उमेश पाल बसपा के तत्कालीन विधायक राजूपाल हत्याकांड में गवाह थे। उमेश के गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग और बमबारी कर दी थी। इस दौरान उनकी और उनके गनर की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस घटना ने यूपी सरकार को हिलाकर रख दिया था।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज-वाराणसी के बीच जल्द चलेगी वंदे भारत मेट्रो, हाईटेक सुविधाओं से होगी लैस मिलेंगी ये सुविधाएं












Click it and Unblock the Notifications