तेज आवाज में बजता हूटर और शीशे पर लिखा "ठाकुर साहब", Video Viral होते ही कटा इंस्पेक्टर का चालान
उत्तर प्रदेश सरकार इन दिनों गाड़ियों पर जाति सूचक शब्द और संप्रदाय सूचक शब्द लिखने को लेकर काफी सख्त है। इस पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी के तहत यूपी के लखीमपुर में एक इंस्पेक्टर को अपनी कार पर 'ठाकुर साहब' लिखवाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने इंस्पेक्टर का ही 3500 रुपए का चालान काट दिया।
बता दें इंस्पेक्टर अंगद सिंह हाल ही में उन्नाव से ट्रांसफर होकर लखीमपुर आए थे। उन्होंने अपनी कार के पीछे वाले शीशे पर 'ठाकुर साहब' लिखवा रखा था। जानकारी अनुसार इंस्पेक्टर साहब अपनी इसी कार में पूरी शान से हूटर बजाकर घूम रहे थे। इतने में किसी ने उनकी कार की वीडियो में बना ली और वायरल कर दी।

वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस तत्काल हरकत में आई और उनकी कार का 3500 रुपये का चालान काट दिया। हालांकि, मामले में पुलिसकर्मी ने बताया कि उसके बेटे ने इसे लिखवा दिया था, जिसको वह तत्काल हटा देगा। फिलहाल कानून सबके लिए बराबर है और इसी कानून के तहत अपने ही डिपार्टमेंट के इंस्पेक्टर की कर का पुलिस ने चालान काटा है।
वहीं इस मामले पर यातायात निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि दो-तीन दिन पहले कार पर ऐसे शब्द लिखे होने का मामला सामने आया था। कार का चालान किया गया है। वाहन पर पदनाम, जाति और संप्रदाय सूचक शब्द लिखना नियम के विरुद्ध है। अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक कई वाहनों के चालान भी काटे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications