आम बजट पर आई मायावती की प्रतिक्रिया, बोलीं- 'अच्छे दिन वाला नहीं, मायूस करने वाला'
Budget 2024: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार 23 जुलाई को मोदी 3.0 का पहला आम बजट पेश किया। इस पर बीएपसी प्रमुख मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है। मायावती ने इस बजट को अच्छे दिन वाला नहीं, बल्कि मायूस करने वाला बताया।
यूपी की पूर्व सीएम और बीएसपी प्रमुख मायावती ने कहा कि बजट में ऐसे प्रावधानों से क्या लोगों का जीवन खुश व खुशहाल हो पाएगा? उन्होंने कहा कि यह बजट केवल कुछ मुट्ठी भर अमीर व धन्नासेठों के लिए बनाया गया है।

मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'संसद में आज पेश केंद्रीय बजट अपने पुराने ढर्रे पर कुछ मुट्ठी भर अमीर व धन्नासेठों को छोड़कर देश के गरीबों, बेरोजगारों, किसानों, महिलाओं, मेहनतकशों, वंचितों व उपेक्षित बहुजनों के त्रस्त जीवन से मुक्ति हेतु 'अच्छे दिन' की उम्मीदों वाला कम बल्कि उन्हें मायूस करने वाला ज्यादा।'
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि देश में छाई जबरदस्त गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, पिछड़ापन तथा यहां के 125 करोड़ से अधिक कमजोर तबकों के उत्थान व उनके लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं के प्रति इस नई सरकार में भी अपेक्षित सुधारवादी नीति व नीयत का अभाव। बजट में ऐसे प्रावधानों से क्या लोगों का जीवन खुश व खुशहाल हो पाएगा?
मायावती ने आगे कहा कि देश का विकास व लोगों का उत्थान आंकड़ों के भूल भुलैया वाला न हो, बल्कि लोगों को त्रस्त जीवन से मुक्ति के लिए रोजगार के अवसर, जेब में खर्च के लिए पैसे/आमदनी जैसी बुनियादी तरक्की सभी को मिलकर महसूस भी हो। रेलवे का विकास भी अति-जरूरी। सरकार बीएसपी सरकार की तरह हर हाथ को काम दे।












Click it and Unblock the Notifications