कौन हैं सांसद रितेश पांडेय, जिन्होंने छोड़ा माया का साथ और BJP में हुए शामिल
उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर से BSP सांसद रितेश पांडेय ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। काफी समय से उनके पार्टी छोड़ने की चर्चा चल रही थी। उन्होंने बसपा का साथ छोड़ने के भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की है।
सांसद रितेश पांडेय ने बसपा प्रमुख मायावती को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि काफी लंबे समय से पार्टी के बैठकों में नहीं बुलाया जा रहा है और ना ही नेतृत्व स्तर से कोई संवाद हो रहा है। कई बार पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी से बात करने की कोशिश के बाद भी बात नहीं हुई।

मेरे काफी प्रयास के बाद भी जब पदाधिकारी से वार्ता नहीं हो पाई तो ऐसे में मुझे आभास हो रहा है कि मेरी सेवाओं की पार्टी को अब जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे लिखा है कि पार्टी से नाता तोड़ने का निर्णय भावनात्मक रूप से कठिन है लेकिन अब कोई विकल्प भी नहीं है।
सांसद रितेश पांडे द्वारा लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। उन्होंने आग्रह किया है कि तत्काल प्रभाव से उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। यदि बात की जाए बसपा प्रमुख की नाराजगी की तो इसके दो कारण हैं।
पहला कारण विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आया जब रितेश पांडेय के पिता पूर्व सांसद राकेश पांडेय ने विधानसभा चुनाव से पहले बसपा से इस्तीफा देते हुए सपा जॉइन कर लिया था। उसके बाद से ही बसपा प्रमुख मायावती रितेश पांडे से नाराज चल रही थीं।
इसके अलावा बजट सत्र के दौरान रितेश पांडेय ने संसद भवन की कैंटीन में प्रधानमंत्री के साथ लंच किया था। उसके बाद से ही राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा हो रही थी कि रितेश भारतीय जनता पार्टी में जा सकते हैं। अब रविवार को बसपा का साथ छोड़ने के बाद वे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications