दुर्गा माता मंदिर में तोड़फोड़, राम चरित मानस की प्रतियां फाड़ कर फेंकी गई
इलाहाबाद। इलाहाबाद के थरवई इलाके में अराजकतत्वों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। यहां स्थित दुर्गा मंदिर में लूटपाट के बाद तोड़फोड़ की गई। मंदिर में राम चरित मानस ( रामायण) की प्रतियां फाड़ कर फेंकी गई। सुबह मंदिर पर जब पुजारी पहुंचे तो अराजकतत्वों का उत्पात देख कर हैरान रह गए।

अराजकतत्वों ने दुर्गा मूर्ति में हुए श्रृंगार तक को नहीं छोड़ा। दान पेटी, पूजा सामान और देवी जी के गहने, वाद्य यंत्र जो कुछ भी हाथ लगा सब वह अपने साथ ले गए और जो नहीं ले जा पाए उसे वहीं तोड़कर फेंक दिया गया। जबकि रामायण की पुस्तक की प्रतियां फाड़ कर चारों ओर फेंक दी गईं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भड़क गए और प्रदर्शन करने लगे। माहौल बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत करवाने की कोशिश करती रही। हालांकि ग्रामीण कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
दरअसल, इलाहाबाद का थरवई इलाका मिश्रित आबादी का क्षेत्र है। ऐसे में यहां धार्मिक भावनाओ को भड़का कर माहौल खराब करने की कोशिश पहले भी की कई बार की जा चुकी है। त्यौहारों के खत्म होने व नए त्यौहारों की अगवानी के बीच रात में फिर से उसी तरह का दुस्साहसिक प्रयास थरवई के कुशनगर में किया गया। मंदिर में तोड़फोड़ के बाद धार्मिक किताब की प्रतियां फाड़ कर फेंकी गईं। मंदिर में भजन कीर्तन के लिए रखे गए वाद्ययंत्र भी तोड़कर फेक दिए गए। समय रहते पुलिस ने कड़ी कार्रवाई नहीं की तो यहां बवाल बढ़ने की पूरी संभावना थी। गांव में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात करते हुए चौकसी बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications